दुर्ग में एक लड़का करीब 4 साल तक लड़की के साथ लिव इन में रहा। जब लड़की गर्भवती हो गई और समाज में शादी करने का दबाव बनाने लगी तो लड़के ने शादी करने से मना कर दिया। लड़के ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है। इसके बाद लड़की जामुल थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक लड़का और लड़की जामुल क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। 30 साल की लड़की ने शिकायत में बताया कि उसके पिता नहीं है। वह अपने भाई और मां के साथ रहती थी। आरोपी संजय ठाकुर (35) बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाता है। 8 साल पहले दोनों की पहचान हुई। दोनों फोन पर बातें करने लगे और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई।
दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। जब लड़की प्रेग्नेंट हुई तो उसने युवक से शादी की बात कही, कि तुमने ऐसे ही मांग में सिंदूर भर दिया है। अब मैं प्रेग्नेंट हूं तो सामाजिक रीति रिवाज से शादी कर लेते हैं। इस पर आरोपी ने खुद के शादीशुदा होने की जानकारी उसे दी। इधर लड़की के घर वालों को यह लगता रहा कि दोनों ने शादी कर ली है। लड़की भी परिजनों की बात मानकर आने को तैयार नहीं थी। इसलिए उन्होंने भी लड़की को उसके साथ छोड़ दिया।
4 साल पहले संजय ने लड़की को बुलाया और उसकी मांग भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने की बात कही। इसके बाद दोनों चार सालों तक एक मकान में रहे। इस दौरान लड़की 6 माह की गर्भवती हो गई। उसने संजय पर दबाव बनाया कि वह सामाजिक रीति-रिवाज के साथ उससे शादी करे। इस पर उसे लड़के के पहले से ही शादीशुदा होने का पता चला।
लड़के के माता-पिता ने भी ठुकराया
संजय से धोखा खाने के बाद लड़की उसके माता-पिता के पास पहुंची और उसे अपनाने की गुहार लगाई। संजय के माता-पिता ने भी लड़की की एक न सुनी और उसे घर से भगा दिया। इसके बाद लड़की ने जामुल थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी भाग निकला है।