बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां नक्सलियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने के लिए CAF के जवान को अगवा कर उसकी हत्या करने के बाद लाश सड़क पर फेक दी है। घटनास्थल पर नक्सलियों ने पर्चा भी फेका है, वही घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गयी है। जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के धनोरा गांव का रहने वाला युवक अर्जुन कुडियम CAF 22वीं बटालियन में पदस्थ था। जवान पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। 1 महीने पहले छुट्टी में अपने घर आया था। घर पर ही रहकर इलाज करवा रहा था। लेकिन माओवादियों ने जवान का अपहरण कर लिया था। अपहरण कब और कहां से किया गया फिलहाल इसकी जानकारी पुलिस के पास भी नहीं है। शुक्रवार की सुबह माओवादियों ने जवान की हत्या कर शव को गंगालूर इलाके में सड़क पर फेंक दिया है। वहीं पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। बीजापुर SP कमलोचन कश्यप ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इधर शव के पास मिले पर्चे में गांगलूर एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। माओवादियों ने कहा कि ग्रामीणों के ऊपर अत्याचार करना, संपत्ति लूटना जैसे काम किया करता था इस लिए सजा दी है।
