भिलाई (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर में दो दिन पहले गोली चलने की घटना हुई। एक महिला अपने देवर के कहने पर आलमारी में से पिस्टल निकाल रही थी। इसी दौरान उसके हाथ से पिस्टल छूटकर नीचे गिर गई और उससे गोली चल गई। वो गोली महिला के पैर में जाकर लगी। उसे फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार के किसी भी सदस्य ने पुलिस को जानकारी नहीं दी। चूंकि पिस्टल 0.13 एमएम की थी और उसकी गोली घातक नहीं होती है, इसलिए घरवालो या अस्पताल से भी पुलिस को खबर नहीं मिली। पड़ोसियों की चर्चा से बात बाहर आई तो ये खबर पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने महिला का बयान लिया है। अब पुलिस पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई कर रही है।
देवर सेना का सेवानिवृत्त जवान
जानकारी के मुताबिक उक्त घटना बुधवार के सुबह 10 बजे की है। गायत्री मंदिर के पास जोन-2 खुर्सीपार निवासी चारूमति पति आदिनारायण (45) बुधवार की सुबह अपने देवर वेंकट राव के घर हाउसिंग बोर्ड जामुल गई हुई थी। उसका देवर वेंकट राव सेना का सेवानिवृत्त जवान है। उसने अपने नाम पर एक 0.13 एमएम का लाइसेंसी पिस्टल लिया हुआ था।
हालत खतरे से बाहर
उसके कहने पर महिला ने आलमारी से पिस्टल निकाली। लेकिन, उसी समय वो छूटकर नीचे गिर गई और उससे चली गोली महिला के पैर में जाकर लगी। परिवार वालों ने उसे फौरन लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है। लेकिन, पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई कर रही है।
पिस्टल का लाइसेंस निरस्त
घटना बुधवार की सुबह की है। लेकिन, हमको शुक्रवार को इसके बारे में पता चला तो अस्पताल जाकर महिला का बयान लिया गया है। इस मामले में पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
गौरव पांडेय, टीआइ जामुल