सरकारी बैंक व पोस्ट ऑफिस में लगातार गड़बडिय़ां सामने आ रही हैं। जिस बैंक व पोस्ट ऑफिस को सुरक्षित माना जा रहा था, वही अब असुरक्षित है। लगातार किसानों व खातेधारकों की जमा राशि गायब हो रही है। इसके लिए बैंक व पोस्ट ऑफिस के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी ही है।
बालोद. सरकारी बैंक व पोस्ट ऑफिस में लगातार गड़बडिय़ां सामने आ रही हैं। जिस बैंक व पोस्ट ऑफिस को सुरक्षित माना जा रहा था, वही अब असुरक्षित है। लगातार किसानों व खातेधारकों की जमा राशि गायब हो रही है। इसके लिए बैंक व पोस्ट ऑफिस के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी ही है। निपानी में किसानों के खाते से करोड़ों की हेराफेरी, फिर चारवाही पोस्ट ऑफिस में खाते से लाखों की हेराफेरी की घटना सामने आई थी। अब जिले के ग्राम भैंसबोड़ पोस्ट ऑफिस में सैकड़ों खाते में जमा लगभग 22 लाख का गबन कर दिया गया है। गायब रकम की वापसी की मांग लोकर खातेधारकों ने मंगलवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे से मिले। दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी को भी ज्ञापन सौपा। वहीं डाक निरीक्षक की टीम जांच में जुट गई है।
बैंक व पोस्ट ऑफिस में करोड़ों के हेराफेरी के तीन मामले ने किसानों व खातेधारकों के होश उड़ा दिए हैं। लोग बैंक में रुपए जमा करने से पहले सोच में रहे हैं। आखिर रुपए जमा करें या नहीं। कुछ अधिकारी व कर्मचारी की गलती से अन्य बैंकों पर भी असर पड़ रहा है।
लेन देन में आनाकानी से खुलासा
राशि वापसी की मांग करने आए लोगों ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में कई साल से राशि जमा कर रहे हैं। जब वे राशि निकालने गए तो खाते में राशि नहीं होना बताया गया। जिसके बाद भैंसबोड़ पोस्ट ऑफिस में खाते की जांच कराने खातेधारकों की कतार लग गई। जाच में कई खाते से राशि निकालने की जानकारी मिली। प्रारम्भिक जांच में अब तक 100 से अधिक खाते से लगभग 22 लाख की गड़बड़ी सामने आई है। फिलहाल जांच चल रही है
इन खातेधारकों के खाते से राशि गायब
ग्राम भैंसबोड़ पोस्ट ऑफिस से ग्रामीण विशाल सिंह के खाते से 66 हजार, रामगुलाम के खाते से 25 हजार, लताबाई के खाते से 65 हजार, बलीराम 20000, नारायण 20000, बीरझा बाई 20000, पुष्पा बाई 40 हजार व डीनेश्वरी के खाते से 45 हजार रुपए की राशि गायब हुई है। इसके अलावा अन्य खाते से भी राशि गायब हुई है।
खाताधारक बोले-हमारी राशि वापस दिलाएं
धंसिर बाई : पोस्ट अफिस में खाता खुलवाकर राशि जमा की थी। खाते में लगभग 75 हजार रुपए की राशि गायब हो गई है। राशि वापसी की मांग कलेक्टर व थाना प्रभारी से की है। तत्काल राशि वापस की जाए।
नारायण सिंह : पोस्ट ऑफिस में दो खाते हैं। एक खाते से 15 हजार व दूसरे खाते में 30 हजार रुपए गायब हो गया है। राशि गायब होने की वजह से पूछने पर किसी प्रकार की जानकारी नहीं दे रहे हंै।
महिला समूह के खाते से भी राशि गायब
इसी तरह गांव के उज्जवल महिला समूह ने भी खाते खुलवाया है। लेकिन समूह के नाम से खुले दो खाते में 41 हजार व 15 हजार रुपए की राशि गायब हो गई है। वहीं गंगा मैया महिला समूह के खाते से भी 22 हजार रुपए गायब हो गए हैं। सभी प्रभावित लोगों ने कलेक्टोरेट आकर कलेक्टर को समस्या बताई व राशि वापसी की मांग की। इस दौरान दिनेश्वरी, पुष्पा, वीणा, खिलेश्वरी, तुलेश्वरी, ममता आदि के साथ बड़ी संख्या में खाताधारक उपस्थित थे।
डाक निरीक्षक बोले-उच्च अधिकारी से बात कर लो
संभागीय उप डाक निरीक्षक विकास सोनी से इस मामले पर चर्चा की गई तो उन्होंने साफ कह दिया कि इस गड़बड़ी मामले पर मीडिया से कोई बात नहीं करूंगा। आप उच्च अधिकारी से बात कर लो। मैं नंबर दे रहा हूं, उन्हीं से बात कर लेना। लेकिन उन्होंने उच्च अधिकारी का नंबर भी नहीं दिया।