भिलाई। नगर पालिका परिषद जामुल की एक महिला पार्षद से दो लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने के बाद नाली में धक्का दे दिया। नाली में गिरने के कारण महिला पार्षद के शरीर और सिर में चोट लगी।
साथ ही गले से सोने की चेन और एक पैर का पायल भी गिरकर खो गया। पार्षद ने जामुल थाना में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपितों के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि वार्ड 13 लवकुश नगर जामुल की पार्षद कविता विश्वाल ने आरोपित डेविड और उसके बेटे अरुण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पार्षद सोमवार को अपने वार्ड में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी।
इसी दौरान पार्षद को फोन पर जानकारी मिली कि आरोपित डेविड और उसका बेटा अरुण लेबर कैंप जामुल में सार्वजनिक स्थान पर उसे गाली दे रहे हैं। इस पर पार्षद रात करीब 10 बजे वहां गई और आरोपितों को समझाने का प्रयास करने लगी।