रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा रमन सिंह के कार्यक्रम में भारत माता की तस्वीर को जमीन पर रखने के बाद बवाल मच गया है। बूथ विस्तार कार्यक्रम में डा रमन राजनांदगांव के टेडसरा मंडल के घुमका के एक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुस्र्आत में भारत माता और जनसंघ के सस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर मल्यापर्ण किया और तस्वीर को जमीन पर रख दिया गया। कार्यक्रम की फोटो को डा रमन ने ट्वीट किया, जिसके बाद कांग्रेस ने निशाना साधना शुरू कर दिया। विवाद ज्यादा बढ़ा तो डा रमन ने इंटरनेट मीडिया से उन तस्वीरों को डिलिट कर दिया।
फेसबुक और ट्वीटर से डिलिट कर दिया तस्वीर
इसके बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने ट्वीट किया कि डा रमन ने भारत माता के अपमान वाली तस्वीर को फेसबुक और ट्वीटर से डिलिट कर दिया, लेकिन माफी नहीं मांगी। मदर्स डे पर भारत माता के अपमान पर माफी नहीं मांगते हैं, तो हर चौराहे पर इस कारतूत की नुमाइश होगी।
राजनीतिक फायदे के लिए राष्ट्रीय प्रतिमानों का बेशर्मी पूर्वक करते हैं उपयोग
प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि डा रमन सिंह ने भारत माता के अपमान के लिए न ही खेद प्रकट किया और न ही माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यही भाजपा और उसके नेताओं का असली चरित्र है। अपने राजनीतिक फायदे के लिए राष्ट्रीय प्रतिमानों का बेशर्मी पूर्वक उपयोग करते हैं। राष्ट्रवाद की बड़ी-बड़ी बातें भी करते हैं, लेकिन राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतिमानों के लिए उनके मन मे तनिक भी सम्मान और आदर का भाव नहीं है। आजादी की लड़ाई के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और आजादी के आंदोलन का विरोध करने वाले भाजपाई आज वोट की खातिर गांधी की चर्चा करेंगे, लेकिन आज भी उनके मन मे आदर का भाव गांधी के हत्यारे नाथूराम गोड़से के लिए ही रहता है