नई दिल्ली (आईएएनएस)| भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात चुनाव की घोषणा कर दी है। 1 और 5 दिसंबर को राज्य में 2 चरणों में चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा। खास बात ये है कि इस बार राज्य में ट्रांसजेंडर मतदाता पिछले चुनाव के मुकाबले दोगुना हो गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा मतदाता वडोदरा में रजिस्टर हुए हैं। अलग अलग विधानसभा सीटों पर ट्रांसजेंडर समुदाय के मतदाता अपना मत देंगे। चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गुजरात में इस बार कुल 4,90,89,765 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,53,36,610 पुरुष और 2,37,51,738 महिला मतदाता शामिल हैं। इस सूची में 1,417 ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं। वहीं 4 लाख से ज्यादा विकलांग मतदाता भी पंजीकृत हुए हैं। जानकारी के अनुसार ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने इस बार चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार 1,417 ट्रांसजेंडर मतदाता गुजरात के विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। पिछले चुनाव में इनकी संख्या लगभग 702 थी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या में 100 फीसदी की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा समुदाय के सदस्यों को ईसीआई का राजदूत भी बनाया गया है। आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में पंजीकृत मतदाताओं के आंकड़ों से पता चलता है कि वडोदरा जिले में सबसे अधिक 223 ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं राज्य के डांग में सबसे कम 2 ट्रांसजेंडर मतदाता दर्ज किए गए हैं। वडोदरा गुजरात में ही नहीं बल्कि देश में भी एलजीबीटी सक्रियता का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहां ट्रांसजेंडर की तादाद अच्छी खासी है
Add A Comment