रायगढ़। कांग्रेस पार्टी द्वारा विधायक प्रकाश नायक को फिर एक बार अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के बाद से ही रायगढ़ के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जश्न का माहौल देखने को मिला। जहां कांग्रेसी कार्यकर्ता एक दूजे को बधाई देते व आतिशबाजी के साथ जश्न मनाते नजर आ रहे थे। वहीं विधायक प्रकाश नायक को बधाई देने कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। वहीं शुक्रवार से नायक ने समर्थकों के साथ क्षेत्र का दौरा शुरू कर दिया है।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी से विधायक प्रकाश नायक महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास उन्हें माल्यार्पण करने पहुंचे। जिसमें हजारों की संख्या में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों हजारों कार्यकर्ता भी विधायक के साथ शामिल हुए। जहां विधायक द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। जहां हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता विधायक के साथ गांधी प्रतिमा पहुंचे। वहीं इस दौरान कांग्रेस से दावेदारी करने वाले वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं में डॉक्टर राजू अग्रवाल, संगीता गुप्ता, अरुण गुप्ता, बलबीर शर्मा, जयंत ठेठवार, सलीम नियारियां, सहित कई दिग्गज नेता एक ही मंच पर नजर आए। जिन्होंने विधायक प्रकाश नायक को शुभकामनाएं दी। सभी कांग्रेसी दिग्गज नेता कांग्रेस को जीत दिलाने संकल्पित नजर आए।
जिले की चारों सीटों पर जीत दर्ज कराएगी कांग्रेस : विधायक प्रकाश नायक
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा रायगढ़ विधानसभा से विधायक प्रकाश नायक के नाम की घोषणा के साथ ही कांग्रेस में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला। जहां गुरुवार को हजारों की संख्या में जिला कांग्रेस कमेटी में कार्यकर्ताओं का हुजूम देखने को मिला। वहीं इस अवसर पर विधायक प्रकाश नायक द्वारा अपने संबोधन में बताया गया कि कांग्रेस पार्टी एक संवैधानिक पार्टी है, जहां उम्मीदवार घोषणा के पश्चात समस्त कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस उम्मीदवार को जीत दिलाने एकजुट हो जाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों का आभार जताते हुए जिले से 4 विधानसभा सीट जीतकर कांग्रेस की झोली में डालने का दावा किया गया।