• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
दुर्ग - भिलाई और भी
एकतरफा प्रेम में युवती की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; हथियार और बाइक बरामद
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 11 जुलाई 2026,  10:26 PM IST
  • 139
एकतरफा प्रेम में युवती की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; हथियार और बाइक बरामद

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 11 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। जब युवती ने उससे बातचीत करने से इंकार कर दिया तो उसने पूर्व नियोजित योजना के तहत रायपुर से भिलाई पहुंचकर अपने साथ धारदार हथियार लाया। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। कमरे में विवाद होने के बाद आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के साथ 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस पूरे मामले के त्वरित खुलासे में वैशाली नगर थाना पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के विरुद्ध हिंसा एवं उत्पीड़न की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter