• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
दुर्ग - भिलाई और भी
पुरानी रंजिश में युवक की हत्या: एक ही परिवार के 6 आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, हथियार बरामद
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 13 जुलाई 2026,  05:43 PM IST
  • 444
पुरानी रंजिश में युवक की हत्या: एक ही परिवार के 6 आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, हथियार बरामद

दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुन्दरापारा स्थित जैतखाम के पास पुरानी रंजिश के चलते हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ईंट, डंडे, चाकू तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर अक्षय कोठारी, उनके भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी तथा चाचा बल्ला उर्फ रोशन कोठारी पर आरोपियों ने एक राय होकर लाठी, डंडे, ईंट और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल लेखराम कोठारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायल परिजनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और नए आपराधिक कानूनों के तहत एफएसएल (FSL) विशेषज्ञों की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित किए। मामले में अपराध क्रमांक 0421/2026 दर्ज कर धारा 103(1), 109(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने घेराबंदी कर घटना के 12 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि करीब तीन वर्ष पहले जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर लेखराम कोठारी की हत्या कर दी और अन्य परिजनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी

लक्ष्मी चेलक (35 वर्ष)

आकाश चेलक (26 वर्ष)

सत्यम चेलक (33 वर्ष)

खेलू चेलक (32 वर्ष)

प्रकाश चेलक (29 वर्ष)

देवचंद चेलक (34 वर्ष)

सभी आरोपी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर, दुर्ग के निवासी हैं।

बरामद सामग्री

घटना में प्रयुक्त ईंटें

डंडे

चाकू

वारदात के समय पहने गए कपड़े

दुर्ग पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में करने की अपील करते हुए कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter