• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. विनोद चावड़ा की पांचवीं पुण्यतिथि पर स्कूली बच्चों को कराया न्यौता भोज
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 10 अगस्त 2026,  06:42 PM IST
  • 348
सेवाभावी कार्यों को आगे बढ़ाते हुए परिवार ने 83 से अधिक बच्चों को वितरित की पाठ्य सामग्री

दुर्ग। पद्मनाभपुर एमआईजी-706 निवासी एवं खनिज मामलों के जानकार वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. विनोद चावड़ा की पांचवीं पुण्यतिथि सोमवार को उनके परिवारजनों द्वारा सेवाभावी कार्यों के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर शासकीय नवीन प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला, पद्मनाभपुर में श्रद्धांजलि एवं न्यौता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. विनोद चावड़ा के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित परिजनों एवं शिक्षकों ने उनके सामाजिक, धार्मिक एवं सेवाभावी कार्यों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। इसके पश्चात विद्यालय के 83 से अधिक बच्चों को एक साथ न्यौता भोज कराया गया तथा विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया।Image after paragraph

इस अवसर पर स्व. विनोद चावड़ा के छोटे भाई दीपक चावड़ा ने भावुक होते हुए कहा कि उनके भाई सामाजिक, धार्मिक एवं सेवाभावी कार्यों में सदैव अग्रणी रहे। जरूरतमंद विद्यार्थियों और आम लोगों की सहायता के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे। उनकी पुण्यतिथि को स्कूली बच्चों के बीच मनाना उनके सेवा कार्यों और अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है।

उन्होंने बताया कि अधिवक्ता स्व. विनोद चावड़ा ने भिलाई इस्पात संयंत्र को निजी हाथों में जाने से बचाने के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी योगदान के कारण उन्हें ‘रावघाट का योद्धा’ भी कहा जाता है। परिवार ने उनकी स्मृति को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंद बच्चों की सहायता के माध्यम से उनके सेवाभावी विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्व. विनोद चावड़ा के भाई दीपक चावड़ा, भरत चावड़ा, बहू भावना चावड़ा, भतीजे आदि चावड़ा, एबीओ रश्मि ठाकुर, शिक्षिका सलीमा आयशा, विभा गुप्ता, ज्योत्सना गोखे, दीपकुमारी सिन्हा, पद्मा वासनिकर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter