शोभायात्रा में सभी वार्डों से पहुंची टोली
धमतरी, धमतरी शहर में रामनवमी का उत्साह देखते ही बना। पूरे हर्षोल्लास के साथ शहर में रामलला की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शहर के 30 से भी अधिक स्थानों पर आत्मीय स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल भक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत हुआ। जगह-जगह फल शीतल पेय सहित अन्य खाद्य पदार्थों का वितरण कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए धमतरी शहर के अलावा आसपास के गांव से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। डीजे की धुन पर झूमते गाते भक्तों का उत्साह देखते ही बना।रामनवमी आयोजन समिति की अगुवाई में रामनवमी महोत्सव उत्सव मनाया गया। 30 मार्च को शहर में आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम स्थल बनिया पारा स्थित सिद्धेश्वर महाकालेश्वर मंदिर में सर्वप्रथम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम व माता सीता व लक्ष्मण की मूर्ति को विशेष रथ में विराजित कर शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन समिति प्रमुख तीरथराज फूटान द्वारा भगवान श्री राम की विधिवत पूजा एवं महाआरती कर जिलेवासियों के लिए खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की शोभायात्रा पूरी गरिमा के साथ निकाली गई। इसमें 40 वार्डों से पहुंची अलग-अलग टोली भी शामिल हुई। शोभायात्रा में भगवान श्री राम के आकर्षक रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही।
