दुर्ग/ छत्तीसगढ़ में राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय की सीट दो अप्रैल को खाली हो रही है। इसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। भाजपा ने राज्यसभा के लिए नामों पर मंथन करना शुरू कर दिया है। बीते गुरुवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन ने प्रदेश किरणसिंह देव से राज्यसभा सांसद के प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की।
सूत्रों की मानें तो सबसे आगे पूर्व संगठन महामंत्री राम प्रताप सिंह का नाम चल रहा है। छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई दिग्गज नेता उनके पक्ष में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली भाजपा कार्यालय सूत्रों की मानें तो अगर सरोज पांडेय को लोकसभा टिकट नहीं दी जाती है तो उन्हें दोबारा राज्य सभा के लिए मौका दिया जा सकता है।
वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय और लक्ष्मी वर्मा का नाम भी तेजी से चल रहा है। बता दें कि देश में राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को वोटिंग होनी है। चुनाव आयोग के अनुसार जिन सीटों पर चुनाव होना है, उन सभी का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है।