भोपाल। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में बेरछा और मक्सी रेलवे स्टेशनों के बीच शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गोवा एक्सप्रेस ने ट्रैक मेंटेनेंस ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रॉली में रेलवे के पांच कर्मचारी सवार थे। हादसा झोंकर रेलवे फाटक के पास पीर उमरोद और मक्सी के बीच हुआ।
हादसे में भगवान सिंह बिलमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप जायसवाल का एक पैर कट गया। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। सद्दाम समेत दो अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए मक्सी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रॉली में सवार पांचवें कर्मचारी ने ट्रेन को आता देख समय रहते छलांग लगा दी, जिससे वह बच गया।
हॉर्न बजाने के बावजूद नहीं हटा पाए ट्रॉली
जानकारी के मुताबिक, बेरछा रेलवे स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान गोवा एक्सप्रेस उसी ट्रैक पर आ गई। ट्रेन के लोको पायलट ने कर्मचारियों को सतर्क करने के लिए हॉर्न बजाया, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण कर्मचारी समय रहते ट्रॉली को ट्रैक से नहीं हटा पाए। इसके बाद ट्रेन की ट्रॉली से टक्कर हो गई।
डायवर्टेड रूट से गुजर रही थी ट्रेन
हजरत निजामुद्दीन से गोवा के वास्को द गामा जाने वाली गोवा एक्सप्रेस सामान्य तौर पर भोपाल होकर गुजरती है। हालांकि, बीना-आगासौद यार्ड की रीमॉडलिंग के काम के चलते ट्रेन का रूट डायवर्ट किया गया था। इसके कारण ट्रेन नागदा और उज्जैन होकर जा रही थी।
रेलवे ने दिए जांच के आदेश
रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि गोवा एक्सप्रेस डायवर्टेड रूट पर चल रही थी। रेलवे यह पता लगा रहा है कि मेंटेनेंस ट्रॉली पर काम कर रहे कर्मचारियों को ट्रेन के बदले हुए रूट की जानकारी थी या नहीं। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment