• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
धमतरी जिला के मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 17 अक्टूबर 2026,  07:18 PM IST
  • 94
धमतरी जिला के मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

641 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार, 51 हितग्राहियों को बांटे गए चश्मे

रायपुर/प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ग्राम मोंगरागहन में एक दिवसीय विशाल निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर धमतरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा द्वारा आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के 641 ग्रामीणों ने अपना पंजीयन कराकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार एवं दवाओं का लाभ उठाया।

        शिविर का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत स्वास्थ्य सभापति, जनपद सदस्य, मोंगरागहन और कोडेगांव सरपंच, अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष और गंगरेल महामंत्री सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 

        समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के मेगा शिविरों से लोगों को उनके घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श मिल जाता है, जिससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आर्थिक या भौगोलिक कारणों से इलाज में देरी न करें, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं तथा टीबी जैसी बीमारियों के प्रति सजग रहकर स्वच्छता एवं संतुलित जीवनशैली अपनाएं।

       शिविर के दौरान विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के तहत 220 मरीजों का इलाज किया गया। नेत्र जांच में पहुंचे 120 मरीजों में से 51 जरूरतमंदों को तत्काल निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा दंत रोग के 83, आयुर्वेद चिकित्सा के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 और शिशु रोग के 50 मरीजों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई।

       ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर ही पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था की गई थी, जिसमें 109 मरीजों की शुगर, 102 की हीमोग्लोबिन, 100 की सिकलिंग, 15 की मलेरिया, 10 की ब्लड ग्रुप तथा 10 मरीजों की वीडीआरएल जांच की गई। सिकलिंग जांच के दौरान दो मरीज पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें अग्रिम इलाज और देखभाल के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही 315 मरीजों के रक्तचाप (बीपी) की जांच कर उन्हें सेहतमंद जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए गए।

*उत्कृष्ट कार्यों और टीबी मुक्त पंचायतों का सम्मान*

          कार्यक्रम में टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायत मोंगरागहन एवं अरौद डूबान के सरपंचों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतीक प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली छह मितानिनों को प्रशस्ति पत्र सौंपे गए, वहीं दो टीबी मरीजों को पोषण आहार किट (फूड बास्केट) और पांच ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

*स्वास्थ्य विभाग की टीम का सराहनीय योगदान*

       इस आयोजन को सफल बनाने में हड्डी रोग विशेषज्ञ, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, खंड प्रशिक्षण अधिकारी तथा ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित पूरे स्वास्थ्य अमले का सराहनीय एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।

RO. NO Ooo
❮ ❯

Add Comment


Add Comment

RO. NO Ooo
558171020260826391010662253.png





Get Newspresso, our morning newsletter