• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
दुर्ग में कबाड़ियों के हौसले बुलंद चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 24 अक्टूबर 2026,  04:55 PM IST
  • 397
दुर्ग में कबाड़ियों के हौसले बुलंद! सरकारी मतपेटियां भी नहीं छोड़ीं, चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां गायब, पुलिस ने आरोपी चोर और कबाड़ी को दबोचा; ई-रिक्शा समेत ₹76,200 की संपत्ति जब्त

ज्वाला एक्सप्रेस न्यूज | दुर्ग 9993590905

दुर्ग। सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को चुनौती देते हुए स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से मतपेटियां चोरी करने और उन्हें कबाड़ी दुकान में बेचने का मामला सामने आया है। दुर्ग के सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी युवक और चोरी की मतपेटियां खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सरकारी मतपेटियों को कबाड़ समझकर खरीद लिया!
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी राजू सारथी ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि चुनाव कार्य की तैयारी के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने एक व्यक्ति को पेटी ले जाते हुए देखने की सूचना दी थी। इसके बाद स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी गोदाम की जांच की गई, जहां से 10 मतपेटियां गायब मिलीं। इनकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई।
मामले में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) और 305(e) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।Image after paragraph

Image after paragraph

Image after paragraph

Image after paragraph
पूछताछ में खुला चोरी का राज
जांच के दौरान पुलिस को युशु यादव (22 वर्ष), निवासी मिलपारा, दुर्ग पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने मतपेटियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की मतपेटियां गयानगर निवासी देवानंद सोनी (65 वर्ष) की कबाड़ी दुकान में बेची गई थीं।
इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी देवानंद सोनी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी की मतपेटियां खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से छह मतपेटियां बरामद की गईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
ई-रिक्शा और नकदी भी जब्त
पुलिस ने आरोपी युशु यादव के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CR 0648, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है, और 200 रुपये नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा छह मतपेटियां, जिनकी कीमत छह हजार रुपये आंकी गई है, बरामद की गईं।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 76,200 रुपये की संपत्ति जब्त की है। हालांकि, चोरी हुईं कुल 10 मतपेटियों में से पुलिस द्वारा छह मतपेटियां बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
कबाड़ कारोबार की आड़ में चोरी का माल खरीदने वालों को चेतावनी
यह मामला सरकारी निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और कबाड़ कारोबार में खरीदे जाने वाले सामान के सत्यापन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने नागरिकों और कबाड़ी कारोबारियों से अपील की है कि किसी भी वस्तु को खरीदने से पहले उसके स्वामित्व और वैध दस्तावेजों की जांच करें। चोरी की संपत्ति खरीदने या रखने में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस की कार्रवाई: सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter