*रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु श्री रामलला के दर्शन के लिए रवाना, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी*
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में आज रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल की उपस्थिति में विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर रेलवे स्टेशन का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण रहा। भगवान श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा लेकर तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इस महत्वपूर्ण तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्री रामलला दर्शन योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोकजीवन और जनमानस की आस्था के केंद्र हैं। छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से अत्यंत गहरा और आत्मीय संबंध रहा है। वनवास काल में प्रभु श्रीराम ने छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर लंबा समय व्यतीत किया था। ऐसे में प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम की यात्रा विशेष धार्मिक और भावनात्मक महत्व रखती है।
श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण तीर्थयात्रा से वंचित रहने वाले श्रद्धालुओं को भी धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त हो। उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
*अयोध्या के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन से यात्रा का बढ़ेगा आध्यात्मिक महत्व*
इस विशेष तीर्थयात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में भगवान श्रीरामलला के दर्शन के साथ ही वाराणसी स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त होगा। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और भगवान शिव की पावन नगरी काशी के दर्शन का अवसर मिलने से यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखती है।
अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन और काशी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अभिलाषा से श्रद्धालु उत्साहित हैं। इस यात्रा के माध्यम से उन्हें देश की महान धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होगा।
*धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एकता को भी मिल रहा प्रोत्साहन*
राज्य सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना केवल तीर्थयात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इस योजना से विभिन्न जिलों के श्रद्धालुओं को एक साथ यात्रा करने और धार्मिक अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है। इससे सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ की पावन भूमि माता कौशल्या की जन्मभूमि के रूप में प्रतिष्ठित है। भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से आत्मीय संबंध प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था को और अधिक गहराई प्रदान करता है। इसी भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है।
*तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए विभागों में समन्वय*
श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं की यात्रा को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन, रेलवे, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा, यात्रा प्रबंधन और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल ने भी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था को सम्मान देने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के प्रस्थान के अवसर पर जिला प्रशासन, रेलवे, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment