जन्मतिथि सुधार के लिए दिया आवेदन
-प्रधानमंत्री आवास योजना की एक भी किस्त नहीं मिलने की शिकायत
जनदर्शन में कुल 136 आवेदन हुए प्राप्त
दुर्ग/ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री हितेश पिस्दा भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 137 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने प्राप्त अनेक आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर प्रकरणों की जानकारी ली और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसी कड़ी में नयापारा वार्ड नं. 1 निवासी ने प्राचार्य द्वारा अभद्र व्यवहार करने और उनकी बेटी की जन्मतिथि में सुधार नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कक्षा 11वीं की छात्रा है और कक्षा 9वीं से शासकीय विद्यालय में अध्ययनरत है। छात्रा के शालेय अभिलेखों में जन्मतिथि 15/03/2008 दर्ज है, जबकि जन्म प्रमाण पत्र के अनुसार सही जन्मतिथि 15/03/2009 है। दस्तावेजी त्रुटि सुधार के लिए बार-बार अनुरोध करने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा सुधार नहीं किया गया तथा जन्मतिथि संशोधन के लिए राजपत्र कराने का दबाव बनाया गया। इस पर कलेक्टर ने प्राचार्य को फोन लगाकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने दस्तावेजों के आधार पर उचित कार्यवाही करने को कहा।
भिलाई निवासी ने महतारी वंदन योजना के तहत राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने महतारी वंदन योजना की राशि पिछले तीन माह से नहीं मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने के कारण दिसंबर 2025, जनवरी और फरवरी 2026 की किस्त प्राप्त नहीं हो पाई है। आधार कार्ड भी नया बनवाया जा चुका है, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्यवाही करने को कहा।
गयानगर वार्ड क्रमांक 4 निवासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत एक भी किस्त नही मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवास निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी योजना की कोई किस्त प्राप्त नहीं हुई। आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नही है कि वह बिना सहायता के आवास बना सके। उन्होंने शीघ्र किस्त जारी कर सहायता प्रदान करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग आयुक्त को नियमानुसार किस्त प्रदान करने के निर्देश दिए।
कुरूद के सुंदर विहार एवं प्रगति नगर क्षेत्र के रहवासियों ने प्रीत पैलेस के पास तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायत की। स्थानीय लोगों ने बताया कि नालंदा इंग्लिश मीडियम स्कूल के समीप स्थित प्रीत पैलेस में विवाह व अन्य कार्यक्रमों के दौरान देर रात तक तीव्र ध्वनि में डीजे चलाया जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, मरीजों व बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम भिलाई को निर्धारित समय सीमा से बाहर साउंड सिस्टम संचालित किए जाने पर जप्ती की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम दुर्ग, भिलाई, रिसाली व समाज कल्याण सहित जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment