दुर्ग। शहर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद लगातार बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर आम जनता का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार को दुर्ग के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा जब वार्ड क्रमांक 34 एवं 35 में जब कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे तब बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि "स्मार्ट मीटर हटवा दो भैया, अब बिजली का बिल भरना मुश्किल हो गया है।" महिलाओं ने बताया कि जिन घरों का बिजली बिल पहले 200 से 300 रुपये तक आता था, वही अब 2,000 रुपये या उससे अधिक पहुंच रहा है। कई परिवारों के बिजली बिलों में चार से पांच गुना तक की वृद्धि हो गई है, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।इस दौरान कई नागरिकों ने आरोप लगाया कि पीएम सूर्य घर योजना तथा निजी कंपनियों के सोलर पैनलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार अप्रत्यक्ष रूप से दबाव का माहौल बना रही है। लोगों का कहना था कि वैकल्पिक ऊर्जा अपनाना लोगों की स्वैच्छिक पसंद होनी चाहिए, न कि उन्हें परिस्थितियों से मजबूर किया जाए। कुछ लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
जनता की शिकायतों पर सहमति जताते हुए अरुण वोरा ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है।उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार आंख, कान और मुंह बंद करके बैठी हुई है। प्रदेश की जनता लंबे समय से स्मार्ट मीटर और मनमाने बिजली बिलों की मार झेल रही है, लेकिन सरकार को आम लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। गरीब, मध्यमवर्गीय और आम उपभोक्ता लगातार आर्थिक बोझ तले दबते जा रहे हैं, फिर भी सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।"उन्होंने कहा कि वैकल्पिक ऊर्जा निश्चित रूप से भविष्य की आवश्यकता है और उसका स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन उसे एक विकल्प के रूप में उपलब्ध कराया जाना चाहिए, न कि आम जनता पर किसी प्रकार का दबाव या आर्थिक बोझ डालकर उसे अपनाने के लिए मजबूर किया जाए।
वोरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में लगातार आंदोलन किए हैं और आगे भी जनता की आवाज को बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा, "जब तक प्रदेशवासियों को इस अन्याय से राहत नहीं मिलती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हम सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेंगे और इस जनविरोधी सरकार को उसकी गहरी नींद से जगाकर रहेंगे।कांग्रेस हमेशा आम जनता के हितों के लिए खड़ी रही है और आगे भी हर वर्ग की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।"
इस दौरान पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार साहू, पूर्व पार्षद कन्या धीमर एवं जगमोहन धीमर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment