• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
दुर्ग निगम की सामान्य सभा की बैठक में भाजपा पार्षदों ने ही महापौर अलका बाघमार को घेरा
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 30 सितम्बर 2026,  07:22 AM IST
  • 254
दुर्ग निगम की सामान्य सभा की बैठक में भाजपा पार्षदों ने ही महापौर अलका बाघमार को घेरा

उठाया बदहाल प्रकाश व्यवस्था, जलसंकट, सड़क और सफ ाई का मुद्दा, गुटीय खींचतान भी आई सामने
- तहसील कार्यालय से शनिचरी बाजार चौक का मार्ग स्व. चैनसुख भट्टड़ के नाम, इंदिरा मार्केट कुंआ चौक भगवान परशुराम चौक कहलाएगा 

Image after paragraph


दुर्ग। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा पार्षद दल के भीतर की खींचतान और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आई। निगम मुख्यालय स्थित स्व. मोतीलाल वोरा सभागृह में सभापति श्याम शर्मा की अनुमति से सुबह 11 बजे बैठक शुरू हुई। शुरुआत से ही सत्तापक्ष भाजपा के  पार्षदों के साथ विपक्षी कांग्रेस के  पार्षदों ने भी महापौर अलका बाघमार को शहर की समस्याओं को लेकर घेरा। प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, जर्जर सड़कें, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर सदन में तीखे सवाल उठे।
सत्ता और विपक्ष के पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि दुर्ग शहर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कई पार्षदों ने यहां तक कहा कि वार्डों में विकास कार्य नहीं होने और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली के कारण उन्हें जनता के बीच जवाब देना मुश्किल हो रहा है। पार्षदों का कहना था कि नागरिक स्ट्रीट लाइट, पानी, सफाई और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर लगातार सवाल कर रहे हैं।
बैठक के प्रारंभ में पद्मनाभपुर वार्ड के भाजपा पार्षद संजय अग्रवाल ने सामान्य सभा की बैठक नियमित रूप से नहीं बुलाए जाने को लेकर महापौर को घेरा। उन्होंने कहा कि महापौर द्वारा प्रत्येक दो माह में सामान्य सभा की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्थाएं बदहाल हैं और जनता परेशान है।

Image after paragraph

सभापति श्याम शर्मा ने कई बार संजय अग्रवाल को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे महापौर से जवाब देने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान भाजपा पार्षद कुलेश्वर साहू सहित पक्ष-विपक्ष के अन्य पार्षदों ने भी शहर की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सामान्य सभा की बैठक पहले ही बुलाई जानी चाहिए थी।
नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर महापौर और सत्तापक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था खराब है और मुख्य सड़कों के साथ वार्डों की सड़कें भी जर्जर हो चुकी हैं। उन्होंने आवारा मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं, जलभराव, नाली-नालों की सफाई, पेयजल संकट और एसएलआरएम सेंटरों की स्थिति को लेकर भी जवाब मांगा।
अन्य पार्षदों ने भी बार-बार जलसंकट, चौपट सफाई व्यवस्था, एसएलआरएम सेंटरों की बदहाल स्थिति और वार्डों में विकास कार्य नहीं होने के मुद्दे उठाए। कई पार्षदों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि जनता के बीच उन्हें लगातार जवाब देना पड़ रहा है। एक पार्षद ने तो यहां तक कहा कि वार्ड में निकलते समय चेहरे पर गमछा डालना पड़ता है, क्योंकि लोग विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर उन्हें घेर लेते हैं।

Image after paragraph

सामान्य सभा के शुरुआती करीब दो घंटे आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के बीच बीते। इस दौरान भाजपा के पार्षदों ने नगर निगम के विभिन्न विभागों में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए। विपक्षी पार्षदों ने भी इन मुद्दों को लेकर सत्तापक्ष से जवाब मांगा। एजेंडों पर चर्चा शुरू होने के बाद भी आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा, जिसके चलते सदन में कई बार शोर-शराबे की स्थिति बनी रही।
सामान्य सभा में तहसील कार्यालय से बीजेपी कार्यालय होते हुए शनिचरी बाजार चौक तक मार्ग अब स्व. श्री चैनसुख भट्टड़ मार्ग कहलाएगा। वही इंदिरा मार्केट कुंआ चौक भगवान परशुराम चौक के नामकरण के साथ मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव मंजूर किया गया। सामान्य सभा में लाए गए सभी 9 प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत पारित किया गया। बैठक में महापौर अलका बाघमार, एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, नरेंद्र बंजारे, निलेश अग्रवाल, शेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, लीना दिनेश देवांगन, लीलाधर पाल, मनीष साहू, पार्षद कुलेश्वर साहू, कमल देवांगन, साजन जोसेफ, सरिता चंद्राकर, अजीत वैध, मनोज सोनी, खालिक रिजवी (शेरु), कांग्रेस पार्षद दीपक साहू, विजयंत पटेल, भास्कर कुंडले,मनीष बघेल, डॉ. पायल पाटिल,एल्डरमैन नरेश तेजवानी, तेखन सिन्हा, कांतिलाल जैन, गौरव शर्मा, आयुक्त लीना कोसम तथा निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter