पीएम मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के कार्यों की मंत्री कश्यप ने गिनवाई उपलब्धियां
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप सोमवार की सुबह दुर्ग पहुंचे। स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उनके कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रहित और राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है।
मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को अपने राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश के विकास, आत्मनिर्भर भारत और जनकल्याण की दिशा में किए गए कार्यों एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों तथा समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी कार्यों से देश का कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को प्रोत्साहन, बच्चों के पोषण और देश की सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने प्रभावी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति से विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है।
वन एवं परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के अनुरूप कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बनने के साथ तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी योजनाओं और कार्यों में छत्तीसगढ़ को भी विशेष महत्व दिया है। उनके संकल्प और केंद्र व राज्य सरकार के प्रयासों से बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है और वहां के लोग अब सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न योजनाओं तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन से प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीति को सत्ता की चाबी नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प मानते हैं। यही वजह है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में योजनाओं में बंदरबांट आम बात थी, जबकि मोदी सरकार में पारदर्शिता को विकास का आधार बनाया गया है।
बस्तर में कांग्रेस की राजनीति पर साधा निशाना
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के आगामी बस्तर दौरे से जुड़े सवाल पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की धरती पर उनका स्वागत है, लेकिन वे पहले बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को साधुवाद देना चाहेंगे।
उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलियों द्वारा किए गए नरसंहार किसी से छिपे नहीं हैं। नक्सलियों ने कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की हत्या की और उनके शवों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। श्री कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता नक्सली नेता हिड़मा का गुणगान कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत से सवाल किया कि क्या वे नक्सलियों का गुणगान करने वाले कांग्रेस नेताओं को पार्टी से निष्कासित करेंगे? उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने के बाद ही कांग्रेस प्रभारी को बस्तर की पावन धरती पर कदम रखना चाहिए।
सिटी बस सेवा की शिकायतों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन
राज्य में परिवहन व्यवस्था को लेकर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ राज्य परिवहन विभाग को बंद कर दिया गया था। प्रदेश में परिवहन सेवाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए भाजपा सरकार द्वारा सिटी बस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ जिलों में सिटी बसों के नियमित संचालन को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिटी बस सेवा से जुड़ी अव्यवस्थाओं को जल्द दूर कर नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, प्रदेश भाजपा मंत्री जितेंद्र वर्मा, निगम सभापति श्याम शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री दिलीप साहू, विनोद अरोरा, एल्डरमैन तेखन सिन्हा, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, भाजपा नेता मुकेश बेलचंदन सहित अन्य भाजपा नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment