• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
जरा हट के और भी
ग्वालियर हादसे पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन: CSP हटाए गए; 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 18 अक्टूबर 2026,  06:01 PM IST
  • 266
ग्वालियर हादसे पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन: CSP हटाए गए; 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख

भोपाल:  ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के साथ तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हादसे के बाद सरकार ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

CSP सहित 9 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाया गया है। इसके अलावा आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निलंबित किए गए अधिकारियों-कर्मचारियों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया तथा पवन सेंगर शामिल हैं।

इस तरह सीएसपी को हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने सहित कुल नौ अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।

मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है।

सरकार की ओर से घोषित सहायता राशि के मुताबिक मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए।

ग्वालियर पहुंचेगे दो मंत्री
हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के मामले में जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की। हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों पर हुई कार्रवाई और पीड़ित परिवारों के लिए घोषित आर्थिक सहायता को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter