• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मुंगेली और भी
विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप : जरहागांव पुलिस ने महीनेभर बाद भी दर्ज नहीं की FIR, अफसर भी नहीं सुन रहे
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 22 अक्टूबर 2026,  08:34 PM IST
  • 230
मुंगेली में विवाहिता मधु जांगड़े की मौत के मामले में पिता ने पति समेत 5 ससुरालियों पर जहर पिलाने का आरोप लगाया है। एक माह बाद भी FIR नहीं होने पर सवाल उठे।

मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मृतका के पिता ने अपनी बेटी को जहर पिलाकर मारने का आरोप उसके पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर लगाया है। घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

कबीरधाम जिले के ग्राम बुधवारा निवासी रामप्यारे ने जरहागांव थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया है कि उनकी बेटी मधु जांगड़े की शादी करीब 14 वर्ष पहले ग्राम धरमपुरा निवासी सूर्यकरण जांगड़े से हुई थी। दोनों का एक सात वर्षीय पुत्र भी है। शिकायत के मुताबिक, मधु को उसके पति सूर्यकरण जांगड़े, ससुर चंद्रभूषण जांगड़े, सास महर बाई जांगड़े, ननद प्रभा जांगड़े और देवर लक्की जांगड़े द्वारा कथित तौर पर लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। 

पति शराब पीकर बेटी से मारपीट करने का आरोप 
पिता ने आरोप लगाया है कि पति शराब पीकर बेटी से मारपीट करता था और मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाता था। शिकायत में ग्राम दुल्लापुर स्थित उसकी मां के नाम की कृषि भूमि को बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। रामप्यारे का आरोप है कि घटना के दौरान भी उनकी बेटी को इसी बात को लेकर प्रताड़ित किया गया। 

मृतका ने फोन कर पिता को दी थी जानकारी  
शिकायत में उन्होंने दावा किया है कि पति समेत पांचों लोगों ने एक राय होकर उनकी बेटी को कथित तौर पर जहर पिला दिया, जिसके बाद जिला अस्पताल मुंगेली में 23 सितंबर 2026 को उसकी मौत हो गई। पिता के मुताबिक, जहर दिए जाने की जानकारी उनकी बेटी ने प्रभा के मोबाइल फोन से उन्हें कॉल कर दी थी। इसके बाद उन्होंने मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए जरहागांव थाने में शिकायत दी।

एक महीने बाद भी FIR नहीं, 17 अक्टूबर को ASP से मुलाकात
मामले में सबसे बड़ा सवाल अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठ रहा है। परिजनों का कहना है कि घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है। शिकायतकर्ता रामप्यारे के मुताबिक, उन्होंने इस मामले को लेकर 17 अक्टूबर 2026 को ASP से भी मुलाकात की थी और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं होने की बात सामने आ रही है।

सवालों के घेरे में पुलिस की कार्यशैली 
ऐसे में सवाल उठता है कि जब एक पिता ने अपनी बेटी की मौत को लेकर ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो शिकायत के बावजूद अब तक FIR क्यों दर्ज नहीं हुई? क्या पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है? यदि जांच चल रही है तो अब तक उसकी स्थिति क्या है? और परिजनों को न्याय के लिए आखिर कितना इंतजार करना पड़ेगा?


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter