• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मध्य प्रदेश और भी
उज्जैन में पुलिस टीम पर लाठी-पत्थरों से हमला: SI की वर्दी फाड़ी; 4 पुलिसकर्मी घायल
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 22 अक्टूबर 2026,  03:22 PM IST
  • 228
उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में मारपीट के आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। एसआई धारा सिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए और एसआई की वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है

उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में मारपीट के आरोपी की तलाश में गई पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में आरोपी के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में एसआई धारा सिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने एसआई की वर्दी भी फाड़ दी। घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आठ दिन से थाने नहीं पहुंच रहा था आरोपी
मामला गांव की रहने वाली कंचनबाई, पिता भावसिंह बंजारा की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने करीब आठ दिन पहले अपने पड़ोसी सरदार, पिता गब्बर बंजारा के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह आठ दिन तक थाने नहीं पहुंचा।

इसके बाद बुधवार दोपहर एसआई धारा सिंह चावड़ा पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन से आरोपी के खेत पर बने मकान पर पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे भी शामिल थीं।

पुलिस के पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद
थाना प्रभारी संतोष चौहान के मुताबिक, पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही आरोपी के परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया गया। हमले में एसआई समेत चार जवान घायल हो गए। इस दौरान एसआई की वर्दी भी फाड़ दी गई।

घटना के बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

तीन लोग हिरासत में, फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले में दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपी सरदार सहित फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter