• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
अपराध और भी
मध्यप्रदेश: खाद के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो दिन में 67 लाख से अधिक की सामग्री जब्त
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 27 अक्टूबर 2026,  08:14 PM IST
  • 159
मध्यप्रदेश: खाद के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो दिन में 67 लाख से अधिक की सामग्री जब्त

भोपाल। मध्यप्रदेश में खाद की कालाबाजारी, अवैध परिवहन और नकली उर्वरक के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले दो दिनों में खंडवा और छतरपुर जिले में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 2,230 बोरी खाद जब्त की गई है। 

खंडवा में निर्धारित गंतव्य के बजाय दूसरे स्थान पर ले जाई जा रही 1,500 बोरी डीएपी खाद के साथ तीन ट्रक जब्त किए गए। वहीं, छतरपुर में जांच के दौरान 730 बोरी नकली उर्वरक बरामद हुआ। दोनों मामलों में खाद और वाहनों सहित लगभग 67.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस दोनों प्रकरणों में आगे की जांच कर रही है।

खंडवा: निर्धारित गंतव्य के बजाय दूसरे स्थान पर ले जाई जा रही थी डीएपी खाद

खंडवा जिले में 25 अक्टूबर को थाना खालवा क्षेत्र के ग्राम रिछड़ीखेड़ा में पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने तीन ट्रकों की जांच की। तीनों ट्रकों पर महाराष्ट्र के पंजीयन नंबर थे और उनमें 500-500 बोरी के हिसाब से कुल 1,500 बोरी डीएपी खाद भरी हुई थी।

जांच के दौरान ट्रांसपोर्ट परमिट से पता चला कि खाद महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से धारणी स्थित दादाजी कृषि सेवा केंद्र के पते पर भेजी जा रही थी। हालांकि, ट्रकों में भरी खाद निर्धारित गंतव्य के बजाय खंडवा जिले के ग्राम रिछड़ीखेड़ा में ले जाई जा रही थी।

कृषि विभाग के अधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर थाना खालवा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने 1,500 बोरी डीएपी खाद और तीनों ट्रकों सहित लगभग 50.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाद को निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे स्थान पर क्यों ले जाया जा रहा था और इसमें किन लोगों की भूमिका है।
 

छतरपुर: 730 बोरी नकली उर्वरक बरामद

छतरपुर जिले में थाना मातगुवां पुलिस को सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खाद से भरे एक लोडर वाहन में नकली उर्वरक ले जाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने कुर्राहा तिराहे के पास वाहन रोककर जांच की। चालक आवश्यक परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद कृषि विभाग को सूचना दी गई।

कृषि विकास अधिकारी ने खाद की जांच की तो उसके नकली होने की पुष्टि हुई। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने 80 बोरी नकली उर्वरक और परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा अशोक लीलैंड कंपनी का लोडर वाहन जब्त किया।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने छतरपुर नगर के नारायणपुरा रोड स्थित अमर मंडप गार्डन में भी जांच की। यहां से 650 बोरी नकली उर्वरक बरामद हुआ। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 730 बोरी नकली खाद जब्त की गई। खाद और लोडर वाहन सहित जब्त सामग्री की कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई गई है।

किसानों को नकली खाद से बचाने के लिए संयुक्त कार्रवाई

मध्यप्रदेश पुलिस कृषि विभाग के साथ समन्वय कर खाद के अवैध परिवहन, कालाबाजारी और नकली उर्वरक के कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। खंडवा और छतरपुर में हुई इन कार्रवाइयों में कुल 2,230 बोरी खाद जब्त की गई है।

खंडवा में निर्धारित गंतव्य से अलग स्थान पर ले जाई जा रही डीएपी खाद और छतरपुर में नकली पाए गए उर्वरक के मामलों की जांच जारी है। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य किसानों तक गुणवत्तापूर्ण खाद पहुंचाना और उन्हें नकली उर्वरक से होने वाले संभावित नुकसान से बचाना है।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter