• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
रायपुर और भी
ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट : अमित शाह ने वीर जवानों को किया सम्मानित, 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 3 सितम्बर 2025,  01:02 PM IST
  • 323
ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट : अमित शाह ने वीर जवानों को किया सम्मानित, 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प

रायपुर,केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ में शामिल सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा बटालियन के जवानों से भेंट की और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

 

श्री शाह ने कहा कि इस ऐतिहासिक अभियान ने नक्सल विरोधी संघर्ष में नया अध्याय जोड़ा है। जवानों के शौर्य और पराक्रम ने न केवल नक्सलियों का बेस कैंप ध्वस्त किया, बल्कि उनके मैटीरियल डंप और सप्लाई चेन को भी खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि तपती गर्मी, ऊँचाई और हर कदम पर आईईडी के खतरों के बावजूद सुरक्षाबलों ने अदम्य साहस दिखाया और अभियान को सफल बनाया।

गृह मंत्री ने दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार तब तक चैन से नहीं बैठेगी जब तक सभी नक्सली या तो आत्मसमर्पण न कर दें, पकड़े न जाएँ या समाप्त न हो जाएँ। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को नक्सलमुक्त बनाना ही सरकार का लक्ष्य है और 31 मार्च 2026 तक इस संकल्प को पूरा किया जाएगा।

श्री शाह ने कहा कि नक्सलवाद ने देश के अविकसित इलाकों को लंबे समय तक नुकसान पहुँचाया है, जहाँ स्कूल और अस्पताल बंद कर दिए गए तथा सरकारी योजनाएँ आम लोगों तक नहीं पहुँच पाईं। उन्होंने कहा कि नक्सलविरोधी अभियानों के कारण अब पशुपतिनाथ से लेकर तिरुपति तक फैले क्षेत्र में साढ़े 6 करोड़ लोगों के जीवन में नया सूर्योदय हुआ है।

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मोदी सरकार उन सुरक्षाबलों के जीवन को सुचारू रूप से चलाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, जिन्होंने नक्सलविरोधी अभियानों में गंभीर शारीरिक क्षति उठाई है।


Add Comment


Add Comment

960030820260416021008965415.png





ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter