• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मध्य प्रदेश और भी
ग्वालियर में नाबालिग के पास मिला 315 बोर का कट्टा:फुटबॉल ग्राउंड से पुलिस ने पकड़ा; शौक में लेकर घूम रहा था कट्टा
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 12 नवम्बर 2025,  11:18 PM IST
  • 1993
ग्वालियर में नाबालिग के पास मिला 315 बोर का कट्टा:फुटबॉल ग्राउंड से पुलिस ने पकड़ा; शौक में लेकर घूम रहा था कट्टा

ग्वालियर के खेल मैदान में फुटबॉल पोल के पास बैठे एक नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा है। तलाशी लेने पर उसकी कमर पर 315 बोर का कट्टा और पैंट की जेब में एक कारतूस मिला है। इतनी कम उम्र में अवैध हथियार लेकर घूमते देख पुलिस भी हैरान रह गई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह तो यूं ही कट्टा लेकर बैठा था। हजीरा थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

हजीरा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि खेल मैदान में एक लड़का फुटबॉल पोल के पास बैठा है। उसके पास हथियार है। हथियार होने की बात पता चलने के बाद प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी ने वायरलेस पर सूचना दी और मदद के लिए पुलिस बल की मांग की।

वायरलेस पर मदद मांगने के कॉल पर एएसआई यशवंत सिंह और आरक्षक रामअवतार सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम फुटबॉल पोल की तरफ आगे बढ़ी तो वहां बैठा नाबालिग भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो कट्टा और जिंदा कारतूस मिला।

पुलिस ने जब पूछा कि कट्टा लेकर क्यों घूम रहे हो तो नाबालिग बोला कि मैं तो वैसे ही लेकर घूम रहा हूं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है कि उसे कट्टा कहां से मिला और किसने दिया।

शौक में लेकर घूम रहा था कट्टा पूछताछ के बाद आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे हथियारों का शौक है। यही कारण है कि वह हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस अब उससे पता लगा रही है कि यह कट्टा उसने किससे और कब खरीदा था?। जिससे हथियार तस्करी करने वाले को पकड़ा जा सके।


Add Comment


Add Comment






Get Newspresso, our morning newsletter