समाचार: jwalaexress
अदीस अबाबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले वैश्विक नेता बन गए हैं। सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री ने इसे अपने लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि यह सम्मान वे भारत–इथियोपिया की मित्रता को समर्पित करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों इथियोपिया की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। यह उनका पहला इथियोपिया दौरा है।
नेशनल पैलेस में औपचारिक स्वागत
इससे पहले इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा स्थित नेशनल पैलेस में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इथियोपिया आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला दौरा है, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें अपनापन महसूस हुआ।
एयरपोर्ट पर विशेष अंदाज में स्वागत
प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं अदीस अबाबा एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए पहुंचे। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई, जहां पीएम अबी अहमद ने प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी भी पिलाई।
इसके बाद प्रधानमंत्री अबी अहमद अली खुद कार चलाकर प्रधानमंत्री मोदी को होटल तक लेकर गए। इस दौरान उन्होंने साइंस म्यूजियम और मैत्री पार्क भी दिखाया, जिन्हें दोनों देशों की दोस्ती का प्रतीक माना जाता है।
भारत–अफ्रीका साझेदारी पर चर्चा
द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने प्रधानमंत्री मोदी की सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा इस बात पर जोर देते हैं कि अफ्रीका के साथ साझेदारी उसकी जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इथियोपिया में विदेशी निवेश लगातार बढ़ रहा है और भारत सबसे बड़ा निवेशक बनकर उभरा है। वर्तमान में इथियोपिया में 615 से अधिक भारतीय कंपनियां निवेश कर रही हैं।
छात्रों के लिए स्कॉलरशिप दोगुनी
प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप दोगुनी करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले पर संवेदना व्यक्त करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत को समर्थन देने के लिए इथियोपिया का आभार जताया।
1940 के दशक से हैं संबंध
भारत और इथियोपिया के बीच व्यापारिक संबंधों की शुरुआत 1940 के दशक में ही हो गई थी। भारत की आजादी से पहले दोनों देशों के बीच कारोबार शुरू हो चुका था। वर्ष 1950 में राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद दोनों देशों के औपचारिक व्यापार और सहयोग को नई दिशा मिली।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment