नई दिल्ली। भारतीय रेलवे की बहुप्रतीक्षित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बनकर तैयार हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को घोषणा की कि इस माह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुवाहाटी और हावड़ा के बीच इस नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में शाम को रवाना होकर अगले दिन तड़के अपने गंतव्य पर पहुंचेगी।
रेल मंत्री ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें
11 कोच एसी-3,
4 कोच एसी-2,
1 कोच एसी-1 के होंगे।
ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 823 होगी। एक एसी-3 कोच में 56, एसी-2 में 47 और एसी-1 में 24 यात्री सफर कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया भोजन, जबकि हावड़ा से चलने वाली ट्रेन में बंगाली व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके लिए स्थानीय वेंडरों को अनुबंधित किया जाएगा। ट्रेन में कंबल, चादर और तकियों की तकनीक आधारित धुलाई और सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है।
रेल मंत्री ने किराए की जानकारी देते हुए बताया कि
एसी-3 का किराया लगभग 2300 रुपये (भोजन सहित),
एसी-2 का किराया करीब 3000 रुपये,
एसी-1 का किराया लगभग 3600 रुपये होगा।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत स्लीपर का किराया स्थिर रहेगा। इसके लिए नया फार्मूला तय किया गया है—
एसी-3: 2.40 रुपये प्रति किमी,
एसी-2: 3.10 रुपये प्रति किमी,
एसी-1: 3.80 रुपये प्रति किमी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि स्लीपर ट्रेन के डिजाइन में सेंटर ऑफ ग्रेविटी एक बड़ी तकनीकी चुनौती होती है, क्योंकि स्लीपर कोच में यह ऊपर चला जाता है। इसी कारण इसका डिजाइन चेयरकार की तुलना में अधिक जटिल है। मिडिल बर्थ पर चढ़ने को आरामदायक बनाने के लिए कई परीक्षण किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वंदे भारत स्लीपर का राइड कंफर्ट दुनिया की किसी भी ट्रेन से बेहतर होगा।
रेल मंत्री ने बताया कि ट्रेन में आधुनिक डिसइन्फेक्टेंट तकनीक लगाई गई है, जिससे हवा में मौजूद 99.99 प्रतिशत वायरस और बैक्टीरिया नष्ट हो जाएंगे। यह सुविधा वंदे भारत चेयरकार ट्रेनों में भी उपलब्ध है।
इसके अलावा ट्रेन में ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और अन्य अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाएं होंगी। बोगियों को पूरी तरह नए डिजाइन के साथ तैयार किया गया है और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं भी शामिल की गई हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि सभी सांसद चाहते हैं कि उनके क्षेत्रों में वंदे भारत ट्रेन चले। गुवाहाटी–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment