नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी की कथित सिख गुरुओं पर टिप्पणी से जुड़े वीडियो और एफआईआर के मामले में पंजाब पुलिस को नोटिस जारी किया है। अध्यक्ष ने शनिवार, 10 जनवरी को बताया कि पंजाब के पुलिस महानिदेशक, साइबर सेल के डीजीपी और जालंधर के पुलिस आयुक्त से 48 घंटे के भीतर पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी गई है।
विधानसभा परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि पंजाब पुलिस को इस मामले में अपना लिखित स्पष्टीकरण संबंधित दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत करना होगा। इसमें शिकायत की प्रति, एफआईआर की कॉपी और फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट शामिल होगी। विधानसभा की ओर से निर्देश दिया गया है कि ये सभी दस्तावेज 12 जनवरी तक या उससे पहले जमा किए जाएं।
विशेषाधिकार हनन का आरोप
अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही का वीडियो सदन की संपत्ति है और उस पर केवल सदन का अधिकार है। ऐसे में जालंधर पुलिस द्वारा इस वीडियो के आधार पर कार्रवाई करना दिल्ली विधानसभा के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि यह मामला 9 जनवरी को सदन की बैठक के दौरान उनके संज्ञान में आया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आतिशी के बयान से जुड़ा मामला पहले से ही विधानसभा के विचाराधीन है और इसे विशेषाधिकार समिति को भेजा जा चुका है। विपक्ष के अनुरोध पर वीडियो क्लिप को फोरेंसिक जांच के लिए भी भेज दिया गया है।
पंजाब पुलिस से हस्तक्षेप पर जवाब तलब
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह विषय सदन के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसके बावजूद पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर पर विधानसभा ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। इसी कारण पंजाब पुलिस से पूछा गया है कि वह इस मामले में किस आधार पर हस्तक्षेप कर रही है।
कपिल मिश्रा पर दर्ज हुई एफआईआर
इस पूरे विवाद के बीच जालंधर पुलिस ने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई इकबाल सिंह नामक व्यक्ति की शिकायत पर की गई। बताया गया है कि विवादित वीडियो कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ से डाउनलोड किया गया था। जालंधर पुलिस कमिश्नरेट का दावा है कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि वीडियो को एडिट किया गया था और आतिशी ने ‘गुरु’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था।
क्या है आतिशी वीडियो विवाद
6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही के दौरान चर्चा के समय भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आतिशी ने सिख गुरुओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। 7 जनवरी को मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप साझा कर आरोप लगाया कि गुरुओं को श्रद्धांजलि के दौरान आतिशी ने आपत्तिजनक शब्द कहे। 8 जनवरी को भाजपा विधायकों ने आतिशी की सदस्यता रद्द करने की मांग की, जिसके बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच विरोध-प्रदर्शन हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने वीडियो की फोरेंसिक जांच के आदेश दिए और 15 दिनों में रिपोर्ट मांगी है। वहीं, पंजाब पुलिस की एफआईआर के बाद यह मामला अब अंतरराज्यीय राजनीतिक और संवैधानिक विवाद का रूप लेता नजर आ रहा है।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment