दुर्ग। थाना पाटन क्षेत्र में राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़ी 1 करोड़ 19 लाख रुपये की बड़ी बीमा धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर बीमा राशि निकाले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को एचडीएफसी लाइफ कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक द्वारा लिखित शिकायत दी गई थी कि एनपीएस खातों से फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर लगभग 1.19 करोड़ रुपये की राशि अनुचित तरीके से निकाली गई है। शिकायत के आधार पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 316, 318, 336(2), 337, 338, 339, 340(2), 61(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपीगणों ने आपराधिक साजिश के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाते हुए जाली मृत्यु प्रमाण पत्र, फर्जी आधार कार्ड और अन्य केवाईसी दस्तावेजों के माध्यम से बीमा दावा प्रस्तुत किया। एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम पर मृत्यु दावा दाखिल किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए।
मुख्य आरोपी राजेश कनोजिया (44 वर्ष), निवासी पंचशील सेक्टर-01, बोरसी, दुर्ग, दुर्ग क्षेत्र में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है। वह एनपीएस निकासी के नाम पर ग्राहकों से आधार, पैन और बैंक संबंधी जानकारी लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत करता था। जांच में यह भी पाया गया कि मृत्यु दावों में समान पते, अमान्य क्यूआर कोड वाले प्रमाण पत्र और संदिग्ध बैंक खातों के जरिए लेन-देन जैसी अनियमितताएं थीं।
प्रकरण में एचडीएफसी लाइफ के पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड किए और सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार किया।
गिरफ्तारी व जप्ती
मामले में मुख्य आरोपी राजेश कनोजिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹10,000 नगद एवं फर्जी दस्तावेजों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जप्त किए हैं।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment