• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मध्य प्रदेश और भी
CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान: गेहूं पर ₹40 बोनस; उड़द पर ₹600 प्रोत्साहन; पंजीयन की तारीख बढ़ी
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 7 मार्च 2026,  10:49 AM IST
  • 314
मध्य प्रदेश में किसानों के लिए बड़ी राहत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गेहूं खरीदी पर ₹40 प्रति क्विंटल बोनस और उड़द पर ₹600 बोनस की घोषणा की। गेहूं पंजीयन की अंतिम तारीख भी 10 मार्च तक बढ़ाई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के हित में कई अहम फैसलों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य सरकार किसानों को अतिरिक्त राहत देने के लिए 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस देगी। इस तरह मध्य प्रदेश में किसानों से गेहूं की खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

गेहूं खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन वर्तमान में जारी है। पहले इसकी अंतिम तिथि 7 मार्च तय की गई थी, लेकिन किसानों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे 10 मार्च तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे अधिक से अधिक किसान पंजीयन कराकर सरकारी खरीदी योजना का लाभ ले सकेंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने उड़द की खेती को बढ़ावा देने के लिए भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उड़द की खरीदी पर किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक उड़द की खेती करने की अपील की, ताकि उन्हें अतिरिक्त प्रोत्साहन का लाभ मिल सके।

 

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को खेती के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाए, जिससे रात में काम करने की परेशानी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान UPSC परीक्षा में प्रदेश के दो युवाओं के टॉप-10 में स्थान पाने पर बधाई दी और होली व रंगपंचमी जैसे त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और उनकी समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है।


Add Comment


Add Comment






Get Newspresso, our morning newsletter