• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
रायपुर और भी
न्यायालय परिसर में अधिवक्ता से गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी, अधिवक्ताओं में आक्रोश
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 23 मई 2026,  12:50 PM IST
  • 337
न्यायालय परिसर में अधिवक्ता से गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी, अधिवक्ताओं में आक्रोश

साजा। व्यवहार न्यायालय साजा के युवा अधिवक्ता गुलशन मनहरे के साथ तहसील कार्यालय न्यायालय परिसर स्थित उनके चेंबर में घुसकर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धौराभाठा निवासी अखिलेश मनहरे पर आरोप है कि उसने अधिवक्ता गुलशन मनहरे के चेंबर में पहुंचकर अभद्र व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि मामला गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत से जुड़ा हुआ है।
अधिवक्ता गुलशन मनहरे द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपी अखिलेश मनहरे लंबे समय से ग्राम धौराभाठा एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री का कार्य करता है। इसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है तथा युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आ रहा है। इसी संबंध में शिकायत किए जाने से नाराज होकर आरोपी ने न्यायालय परिसर में पहुंचकर उनके साथ गाली-गलौज की।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी द्वारा दी गई धमकी के चलते उनके एवं उनके परिवार के साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालय के लगभग दर्जनभर अधिवक्ता आरक्षित केंद्र थाना साजा पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि प्रारंभ में पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने में टालमटोल की गई तथा लिखित आवेदन देने की बात कही गई। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा के बाद मामला दर्ज किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) एवं 294 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस घटना को लेकर अधिवक्ता संघ में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मूलचंद शर्मा ने पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक बेमेतरा से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिवक्ता के साथ न्यायालय परिसर में इस प्रकार का दुर्व्यवहार अस्वीकार्य है।
घटना की निंदा करते हुए अधिवक्ता पुरुषोत्तम चौबे, सागर मानिक, विजय जोशी, विनोद शर्मा, उपेंद्र दीवान, के. वैष्णव, गोकुल राजपूत, दिनेश साहू, मनोज वर्मा, श्रीमती कविता गोसाई, मनोज राजपूत, योगेंद्र चंदेल, संजय दत्त तथा फूल सिंह नेकाडी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


Add Comment


Add Comment

960030820260416021008965415.png





Get Newspresso, our morning newsletter