• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों और भवनों के कार्यों की समीक्षा की
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 28 मई 2026,  04:56 PM IST
  • 235
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों और भवनों के कार्यों की समीक्षा की

स्वीकृत कार्यों के जल्द निविदा कर काम शुरू करने के निर्देश, बरसात से पहले पेच रिपेयर पूरा करने कहा

रायपुर. . लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज अपने जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास के दौरान सड़कों और भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर विश्राम गृह में हुई बैठक में अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों के जल्द निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात से पहले सड़कों में पेच रिपेयर का काम पूरा करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का परीक्षण कर हर महीने भुगतान करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी भी बैठक में मौजूद थे।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने बैठक में सक्ती के नया जिला बन जाने के बाद काम की सहूलियत और प्रशासनिक कसावट की दृष्टि से विभाग के पुराने संभागों का पुनर्गठन कर जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में दो-दो संभाग रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 और पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर 31 जुलाई तक प्राक्कलन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-सीमा से पीछे चल रहे कार्यों की जानकारी लेकर उनके कार्यों में तेजी लाने को कहा।

श्री बंसल ने जांजगीर कलेक्टोरेट के नए भवन के कार्यों में तेजी लाते हुए जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने समुचित कार्ययोजना बनाकर पूरे परिसर को अच्छे से विकसित करने को कहा। उन्होंने ऑडिटोरियम रिनोवेशन वर्क की प्रगति की भी जानकारी ली। 

विभागीय सचिव ने पामगढ़-डोंगाकोर बायपास को प्राथमिकता में रखकर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में प्रस्तावित द्रुतगामी सड़कों के प्राक्कलन 30 जून तक भेजने को कहा। उन्होंने काम में ढिलाई करने वाले ठेकेदारों पर सख्ती करते हुए नियमानुसार ब्लैक-लिस्टेड और टर्मिनेट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता भी आर.के. रात्रे और श्री जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत, श्री एन.के. लाल और श्री जे.पी. तिग्गा सहित जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के सभी कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।


Add Comment


Add Comment






Get Newspresso, our morning newsletter