• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
रायपुर और भी
जिला अस्पताल दुर्ग की अव्यवस्था और मौतों की जांच की मांग, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया से मिले अय्यूब खान
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 9 जून 2026,  07:23 PM IST
  • 891
जिला अस्पताल दुर्ग की अव्यवस्था और मौतों की जांच की मांग, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया से मिले अय्यूब खान

दुर्ग/नवा रायपुर, 9 जून 2026। प्रदेश कांग्रेस के सचिव अय्यूब खान ने मंगलवार को नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया से मुलाकात कर जिला अस्पताल दुर्ग में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं, अव्यवस्थाओं तथा कथित लापरवाही के कारण हो रही मौतों की उच्चस्तरीय जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अय्यूब खान ने स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए जिला अस्पताल दुर्ग की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और कहा कि अस्पताल में लगातार सामने आ रही घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने निम्नलिखित मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की—

ब्लड उपलब्ध होने के बावजूद युवती की मौत

अय्यूब खान ने बताया कि 1 जून 2026 को जिला अस्पताल दुर्ग में कथित रूप से ब्लड उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण युवती दीपिका यादव की मृत्यु हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रक्त उपलब्ध होने के बावजूद मरीज को रक्त नहीं दिया गया, जो अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही और रक्त की कालाबाजारी की आशंका को दर्शाता है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।

मर्चुरी का फ्रिज कई दिनों से बंद

ज्ञापन में बताया गया कि जिला अस्पताल की मर्चुरी का फ्रिज कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे मृतकों के परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे तत्काल सुधारकर चालू करने की मांग की गई।

नसबंदी ऑपरेशन में दो महिलाओं की मौत

कुछ समय पूर्व नसबंदी शिविर के दौरान दो महिलाओं की मौत का उल्लेख करते हुए अय्यूब खान ने मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों एवं कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही।

न्यूरोसर्जन की पदस्थापना की मांग

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल दुर्ग में न्यूरोसर्जन की नियुक्ति नहीं होने से सड़क दुर्घटना एवं सिर में गंभीर चोट वाले मरीजों को तत्काल रायपुर रेफर करना पड़ता है। कई बार मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। इसलिए अस्पताल में न्यूरोसर्जन की तत्काल पदस्थापना की जाए।

ट्रामा सेंटर में 24 घंटे डॉक्टर उपलब्ध कराने की मांग

अय्यूब खान ने आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर में चौबीसों घंटे डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे आपातकालीन मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की शिफ्टवार ड्यूटी सुनिश्चित करने की मांग की।

बिना जांच मरीजों को रेफर करने पर जताई नाराजगी

ज्ञापन में कहा गया कि कई मरीजों को प्राथमिक जांच एवं उपचार किए बिना ही अन्य अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेफर करने से पहले अनिवार्य प्राथमिक उपचार एवं जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

सीटी स्कैन सुविधा तत्काल शुरू करने की मांग

अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन बंद अथवा अनुपलब्ध होने के कारण गंभीर मरीजों को निजी केंद्रों में महंगे दामों पर जांच करानी पड़ रही है। स्वास्थ्य सचिव से सीटी स्कैन मशीन को शीघ्र चालू कर 24 घंटे सेवा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

अय्यूब खान ने कहा कि जिला अस्पताल दुर्ग की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए इन सभी मामलों में शीघ्र जांच एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने ज्ञापन प्राप्त कर विषयों पर आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

RO. NO Ooo
❮ ❯

Add Comment


Add Comment

RO. NO Ooo
558171020260826391010662253.png





ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter