• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
रायपुर और भी
भिलाई और रिसाली निगम को फिर ठेंगा! एल्डरमैन नियुक्ति टली, भाजपा नेताओं की बढ़ी बेचैनी
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 2 जुलाई 2026,  06:45 PM IST
  • 1038
भिलाई और रिसाली निगम को फिर ठेंगा! एल्डरमैन नियुक्ति टली, भाजपा नेताओं की बढ़ी बेचैनी

दुर्ग। राज्य सरकार ने प्रदेश के अधिकांश नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियां कर दी हैं, लेकिन भिलाई नगर निगम और रिसाली नगर निगम एक बार फिर इस सूची से बाहर रह गए। लंबे समय से इन दोनों निगमों में एल्डरमैन नियुक्ति की चर्चा चल रही थी, लेकिन ताजा सूची में भी इनके नाम शामिल नहीं होने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि कुछ ही महीनों बाद नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना को देखते हुए सरकार ने फिलहाल नियुक्तियां टाल दी हैं। हालांकि इस तर्क पर सभी सहमत नहीं हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भिलाई और रिसाली निगम में भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी भी एक बड़ा कारण हो सकती है। एल्डरमैन के लिए कई दावेदार लंबे समय से सक्रिय हैं और किसी एक गुट को प्राथमिकता देने से संगठन के भीतर असंतोष बढ़ने की आशंका है। ऐसे में सरकार फिलहाल कोई राजनीतिक जोखिम लेने के पक्ष में नजर नहीं आ रही है।

एल्डरमैन बनने की उम्मीद लगाए बैठे कई भाजपा नेताओं को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे दावेदारों के चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दे रही है। अब उनकी निगाहें आगामी चुनाव और सरकार के अगले फैसले पर टिक गई हैं।

फिलहाल सरकार की ओर से भिलाई और रिसाली निगम में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में नियुक्तियों को लेकर तरह-तरह की राजनीतिक अटकलें जारी हैं।


Add Comment


Add Comment

960030820260416021008965415.png





Get Newspresso, our morning newsletter