• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मध्य प्रदेश और भी
मातम में बदलीं शादी की खुशियां; बारातियों से भरी पिकअप पलटी, 2 की मौत, 14 घायल
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 11 जुलाई 2026,  04:48 AM IST
  • 205
छतरपुर में बारातियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

छतरपुर। जिले में एक शादी समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसा शुक्रवार रात छतरपुर जिले के नौगांव क्षेत्र में पीएम श्री कॉलेज के पास हुआ। बारात टीकमगढ़ जिले के बिडारी गांव से उत्तर प्रदेश के अतर्रा जा रही थी।  

चालक के नशे में होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह शराब के नशे में भी हो सकता है। बताया गया कि अचानक ब्रेक लगाने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद पिकअप सड़क से पलटकर दूसरी ओर जा गिरी। हादसे की वजह से वाहन में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

चार लोगों की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में किशोरी अहिरवार (48) और नितिन अहिरवार (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में दूल्हे के पिता नंदलाल अहिरवार, संतोष, चेचे और भजनलाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. नितीश गुप्ता ने बताया कि दो लोगों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। कुल 14 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।  

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तेज रफ्तार और चालक के नशे में होने की आशंका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter