• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
अपराध और भी
कर्ज वसूली से परेशान शेफ ने की आत्महत्या: कलियासोत डैम के पास पेड़ से लटका मिला शव; सूदखोरों पर लगाए ये आरोप
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 23 जुलाई 2026,  03:17 PM IST
  • 154
भोपाल में कर्ज और वसूली के दबाव से परेशान 37 वर्षीय शेफ राम श्रवण पटेल ने आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में सूदखोर और रिकवरी एजेंटों पर आरोप लगाए हैं।

भोपाल में कर्ज और वसूली से परेशान एक 37 वर्षीय शेफ ने आत्महत्या कर ली। उसका शव कलियासोत डैम के पास पेड़ से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने कर्ज देने वाली फाइनेंस कंपनी और रिकवरी एजेंटों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

काम पर जाने की बात कहकर निकला था
मृतक की पहचान राम श्रवण पटेल के रूप में हुई है। वह कोलार रोड स्थित एक बंगले में शेफ का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, राम श्रवण घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। बाद में उसका शव कलियासोत डैम के पास मिला।

सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र

Suicide Note
 

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में राम श्रवण ने कर्ज और वसूली के दबाव का जिक्र किया है। उसने लिखा कि मकान बनाने के लिए उसने 3 लाख 70 हजार रुपये उधार लिए थे। सुसाइड नोट के अनुसार, उसने करीब 1 लाख 40 हजार रुपये वापस भी कर दिए थे, लेकिन इसके बाद भी उससे लगातार पैसे मांगे जा रहे थे। उसने आरोप लगाया कि उससे रोजाना 10 हजार रुपये ब्याज की मांग की जा रही थी।

रिकवरी एजेंटों पर भी लगाए आरोप
राम श्रवण ने सुसाइड नोट में एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों पर भी परेशान करने का आरोप लगाया है। उसने दावा किया कि कर्ज चुकाने के लिए उसे परिवार के गहने तक गिरवी रखने पड़े। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

चार दिन पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश
पुलिस के अनुसार, राम श्रवण ने चार दिन पहले भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उस समय उसकी जान बच गई थी। अब पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल कॉल डिटेल, लेन-देन और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच
रातीबड़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में कर्ज वसूली के दौरान धमकी या प्रताड़ना की बात सही पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter