• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
दुर्ग नगर निगम के फिल्टर प्लांट (चपरासी )कर्मचारी को धमकाकर वसूली की चर्चा, कर्मचारी संगठनों ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 25 जुलाई 2026,  01:51 PM IST
  • 790
मीडिया के नाम पर अवैध वसूली का आरोप! दुर्ग निगम में कर्मचारियों में दहशत, कर्मचारी संघों ने कहा– लिखित शिकायत मिलते ही होगा आंदोलन

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग में इन दिनों कथित रूप से 'मीडिया' के नाम पर अवैध वसूली का मामला कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। निगम सूत्रों के अनुसार, फिल्टर प्लांट में पदस्थ एक कर्मचारी (चपरासी)कार्यालयीन समय के बाद निजी स्तर पर जाति, निवास एवं अन्य प्रमाण-पत्र बनवाने से संबंधित कार्य करता था। इसी जानकारी के आधार पर कुछ लोगों द्वारा स्वयं को मीडिया से जुड़ा बताकर कर्मचारी को कथित रूप से डराने-धमकाने और उससे अवैध वसूली किए जाने की चर्चा निगम कार्यालय में जोरों पर है।

सूत्रों का कहना है कि इस घटना के बाद निगम कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। कई कर्मचारियों का मानना है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में अन्य कर्मचारियों को भी इसी तरह दबाव बनाकर निशाना बनाया जा सकता है।

इस पूरे मामले में निगम के दोनों कर्मचारी संगठनों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे थे। इस संबंध में स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा एवं नव न्युक्त अधिकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजू चंद्राकर ने संयुक्त रूप से कहा कि अभी तक किसी भी कर्मचारी द्वारा लिखित शिकायत कर्मचारी संघ को नहीं दी गई है। मामला फिलहाल मौखिक चर्चा के रूप में सामने आया है।

दोनों पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जैसे ही किसी कर्मचारी की लिखित शिकायत प्राप्त होगी, कर्मचारी संघ मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित मंच पर प्रदर्शन एवं आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

जांच की मांग तेज

कर्मचारियों का कहना है कि यदि वसूली के आरोप सही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं यदि आरोप निराधार हैं तो प्रशासन को तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि कर्मचारियों में व्याप्त भय और भ्रम समाप्त हो सके।

बड़े सवाल

क्या मीडिया के नाम पर कुछ लोग कर्मचारियों को डराकर कथित वसूली कर रहे हैं?

क्या नगर निगम प्रशासन पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराएगा?

लिखित शिकायत मिलने के बाद क्या कर्मचारी संघ आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे?

नोट: यह समाचार निगम सूत्रों एवं कर्मचारियों के बीच चल रही चर्चाओं तथा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के बयान पर आधारित है। अवैध वसूली के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter