• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
पुलगांव चौक में विवाद के बाद युवक को कार से ठोकर मारकर घसीटा, आरोपी गिरफ्तार
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 13 अगस्त 2026,  08:04 PM IST
  • 101
पुलगांव चौक में विवाद के बाद युवक को कार से ठोकर मारकर घसीटा, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव चौक में विवाद के बाद एक युवक को कार से पीछे से ठोकर मारकर काफी दूर तक घसीटने के मामले में पुलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 भी जप्त की है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 109(1) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अपने मित्र भुवनेश्वर निषाद एवं हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेला के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार के चालक ने मनीष गैरेज में कार्यरत विजय वैष्णव को ठोकर मार दी। इसके बाद विजय वैष्णव और कार चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने वाहन से उतरकर विजय के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की और उसे धमकी दी।

विवाद के बाद विजय वैष्णव पैदल पोटिया की ओर जाने लगा। इसी दौरान कार चालक ने उसका पीछा करते हुए कथित तौर पर जानबूझकर पीछे से कार की ठोकर मार दी। इसके बाद आरोपी ने कार रोकने के बजाय घायल युवक को वाहन से काफी दूर तक घसीटता रहा।

पीड़ित के मित्रों ने कार रोकने का प्रयास किया और चालक से वाहन रोकने की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि उसने कार नहीं रोकी। इस घटना में विजय वैष्णव को शरीर में गंभीर चोटें आईं। बाद में उसके मित्रों ने वाहन रुकवाकर उसे कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर प्रार्थी एवं गवाहों के बयान लिए और आरोपी तथा घटना में प्रयुक्त वाहन की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी अजय कुमार गारूडीक (56 वर्ष), निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी, नर नारायण मंदिर के पास, बोरसी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग को वाहन सहित पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा शराब सेवन किए जाने का उल्लेख किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा युवक को पीछे से कार से ठोकर मारने और काफी दूर तक घसीटने की घटना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

अपराध करने का तरीका

पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने कार से पीड़ित का पीछा किया और पीछे से वाहन की ठोकर मारने के बाद कार नहीं रोकी। पीड़ित के मित्रों द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने के बावजूद आरोपी लगातार कार चलाता रहा और युवक को काफी दूर तक घसीटता ले गया।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति एवं यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर विवाद होने की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी व्यक्ति के जीवन को खतरे में डालने वाला कृत्य गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter