• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मध्य प्रदेश और भी
बालाघाट-शिवपुरी में बच्चों की मौत पर कांग्रेस हमलावर, उमंग सिंघार ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 2 सितम्बर 2026,  10:33 PM IST
  • 232
मध्य प्रदेश: बालाघाट और शिवपुरी में बच्चों की बीमारी और मौतों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। सिंघार के मुताबिक, बालाघाट-शिवपुरी में अब तक 27 बच्चों की मौत हुई है और जिला अस्पताल में 132 बच्चे भर्ती हैं।

खसरा, मलेरिया और डायरिया से जूझ रहे बच्चे
उमंग सिंघार ने कहा कि प्रभावित इलाकों में बच्चे खसरा, मलेरिया, डायरिया और तेज बुखार जैसी बीमारियों से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब डेढ़ महीने से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं, लेकिन सरकार ने समय रहते पर्याप्त इंतजाम नहीं किए।

सिंघार ने अस्पताल में बेड और मेडिकल स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से सवाल किया कि जब बच्चों के इलाज के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं, तो विकास के दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभावित इलाकों में तत्काल स्वास्थ्य जांच, उपचार, पर्याप्त बेड, मेडिकल स्टाफ और पोषण की व्यवस्था करने की मांग की है।

बालाघाट में मौतों के आंकड़े पर विवाद
बालाघाट के बिरसा क्षेत्र के बैगा आदिवासी बहुल गांवों में जून के अंत से बच्चों के बीमार पड़ने के मामले सामने आए हैं। मौतों के आंकड़े को लेकर शुरुआत से ही प्रशासन और विपक्ष के दावों में अंतर रहा है। अगस्त में सिंघार ने पहले 19 और बाद में 26 बच्चों की मौत का दावा किया था, जबकि सरकारी आंकड़े इससे कम बताए गए थे।

शिवपुरी में भी एक परिवार के 4 बच्चों की मौत
बालाघाट के बाद शिवपुरी के सईसपुरा इलाके में भी बच्चों की मौत का मामला सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक एक ही परिवार के चार बच्चों की करीब 10 दिन के भीतर मौत हुई। इनमें तीन नाबालिग और एक 19 वर्षीय युवक शामिल था। बच्चों में तेज बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त जैसे लक्षण बताए गए।

प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजकर घर-घर सर्वे और स्क्रीनिंग शुरू की है। वहीं कांग्रेस का आरोप है कि आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। सिंघार ने सरकार से सवाल किया कि इन बच्चों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter