• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
नाली निर्माण में गड़बड़ी पर महापौर ने रुकवाया काम, ठेकेदार को लगाई फटकार
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 9 सितम्बर 2026,  07:47 PM IST
  • 90
नाली निर्माण में गड़बड़ी पर महापौर ने रुकवाया काम, ठेकेदार को लगाई फटकार

4 इंच के बेस की जगह मिला 2 इंच निर्माण, जाली उखड़वाकर कराई गुणवत्ता की जांच
-गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई : महापौर अलका बाघमार

Image after paragraph


दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर महापौर अलका बाघमार लगातार निरीक्षण कर रही हैं। निर्माण कार्य में गड़बड़ी की शिकायत पर बुधवार को महापौर ने वार्ड क्रमांक 04 के गया नगर स्थित मुक्तिधाम के पीछे चल रहे नाली निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण में तकनीकी खामियां मिलने पर उन्होंने तत्काल काम रुकवाने के निर्देश दिए और संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाली निर्माण की बारीकी से जांच की। जांच में निर्धारित 4 इंच के बेस की जगह मात्र 2 इंच का निर्माण पाया गया। इसके अलावा नाली के राफ्ट टॉप का निर्माण भी निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं मिला। निर्माण की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए महापौर ने मौके पर नाली की जाली उखड़वाकर बेस की मोटाई की जांच कराई।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण में पाई गई सभी कमियों को तत्काल दूर करते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कमियों को दूर किए बिना निर्माण कार्य को आगे नहीं बढ़ाया जाए।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नाली निर्माण में उचित तकनीकी ढांचा और सही स्लोप (ढलान) बेहद आवश्यक है, ताकि बारिश एवं निस्तारी का पानी सुचारू रूप से निकल सके और जलभराव की स्थिति न बने। निर्माण में बेस की निर्धारित मोटाई से कम सामग्री का उपयोग किया जाना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सभी विकास कार्य सीधे जनता के हित से जुड़े हैं। ऐसे कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। लापरवाही या घटिया निर्माण पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही एवं भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, सहायक अभियंता सुरेश केवलानी, उपअभियंता विकास दमाहे, सिद्धार्थ साहू सहित संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार मौजूद रहे।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter