• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
अपराध और भी
साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 6 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 9 सितम्बर 2026,  08:14 PM IST
  • 84
साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 6 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार

कमीशन के लालच में खाते, पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम उपलब्ध कराने वालों पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग। 
साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेनदेन और हस्तांतरण में मदद करने वाले छह म्यूल बैंक खाताधारकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना सुपेला, भिलाई भट्ठी और भिलाई नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा 2 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराना पाया गया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध एवं म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने और खपाने के लिए किया जा रहा था। संबंधित खातों में लाखों रुपये से अधिक की संदिग्ध धनराशि का ट्रांजेक्शन सामने आया।
तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेनदेन के विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 8 सितंबर 2026 को थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 679/2026 में तीन आरोपियों, थाना भिलाई भट्ठी के अपराध क्रमांक 63/2026 में एक आरोपी तथा थाना भिलाई नगर के अपराध क्रमांक 388/2026 में दो आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 318(2), 318(3) एवं 317(4) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
-कमीशन के बदले उपलब्ध कराते थे बैंक खाते
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं अथवा अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते एजेंटों या अन्य माध्यमों से साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। इसके साथ ही पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम भी उपलब्ध कराए जाते थे। इन खातों में साइबर ठगी से हासिल रकम जमा कराई जाती और फिर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर उसे खपाया जाता था। इसके बदले खाताधारकों को कमीशन दिया जाता था।
-ये आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोहन राम (50), निवासी घासीदास नगर जामुल; गजेन्द्र कुमार साहू (23), निवासी हिन्द नगर रिसाली; भीष्म लाल भारती (27), निवासी सांकरा कुम्हारी; ओम प्रकाश यादव (28), निवासी चिखली, चौकी जेवरा सिरसा; देवरतन टंडन (39), निवासी शहीद वीर नारायण नगर खुर्सीपार; तथा लोकनाथ वर्मा (29), निवासी सुपेला शामिल हैं।
-बैंकिंग दस्तावेज और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन तथा बैंकिंग लेनदेन से संबंधित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से जुड़े बैंक खातों और लेनदेन की आगे भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला, थाना भिलाई भट्ठी, थाना भिलाई नगर एवं एसीसीयू के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-दुर्ग पुलिस ने की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक अथवा मोबाइल सिम उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। साइबर अपराधी इनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन में कर सकते हैं और ऐसी स्थिति में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि यदि उनके बैंक खाते या बैंकिंग दस्तावेजों का किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गलत इस्तेमाल किया जा रहा है, तो तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस को इसकी सूचना दें और शिकायत की प्राप्ति रसीद सुरक्षित रखें।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter