• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
छत्तीसगढ और भी
नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की बिक्री करते छह आरोपी और अपचारी बालक पकड़े गए
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 23 सितम्बर 2026,  10:33 PM IST
  • 306
नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की बिक्री करते छह आरोपी और अपचारी बालक पकड़े गए

1200 टैबलेट, आठ मोबाइल, 1400 रुपए और दो एयर गन बरामद
भिलाई
। नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने छह आरोपियों सहित एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 0.5 एमजी की 1200 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, आठ मोबाइल फोन, बिक्री की रकम 1400 रुपए तथा दो एयर गन बरामद की हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटल आवास स्थित आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कुछ व्यक्ति नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छह आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 0.5 एमजी की 1200 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, आठ मोबाइल फोन, बिक्री की रकम 1400 रुपए तथा दो एयर गन बरामद हुईं। प्रारंभिक पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नशीली टैबलेट की बिक्री कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने की गतिविधि में संलिप्त पाए गए।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1413/2026 के तहत धारा 8(सी) सहपठित धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की है। वहीं, बरामद एयर गन के तकनीकी विनिर्देश एवं लागू वैधानिक प्रावधानों के अनुसार पृथक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
ये आरोपी पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में साहिल शेख (24), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला; योगेश कुमार साहू (18), निवासी श्याम नगर, भिलाई-3; अम्रन साहू (21), निवासी इंदिरा पारा, भिलाई-3; मयंक यादव (20), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, भिलाई-3; जानी यादव (22), निवासी कांति चौक, उमदा, भिलाई-3 तथा समीर ठाकुर (21), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला शामिल हैं। एक अपचारी बालक को भी संरक्षण में लिया गया है, जिसकी पहचान संबंधी जानकारी विधि के अनुरूप सार्वजनिक नहीं की गई है।
ये सामग्री हुई बरामद
पुलिस ने आरोपियों से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 1200 टैबलेट, जिसकी कीमत करीब 3600 रुपए है, आठ मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 75 हजार रुपए, 1400 रुपए नगद तथा करीब 20 हजार रुपए कीमत की दो एयर गन बरामद की हैं।
-पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक खेमलाल एवं मनोज सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं अथवा अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की अवैध बिक्री एवं वितरण की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter