गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी के लाचित नगर इलाके में सोमवार रात करीब 9 बजे हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से हड़कंप मच गया। बोरा सर्विस इलाके में होटल बिलास इन के पास, कल्याण ज्वेलर्स के आउटलेट के नजदीक एक गली में हुई इस सनसनीखेज वारदात में होटल की मालकिन हेलेना भराली और उनके बेटे देवर्षि कश्यप समेत पांच लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
होटल मालिक के परिवार के चार लोगों की मौत
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के अनुसार, इस गोलीकांड में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में चार लोग होटल मालिक के परिवार से संबंधित थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था। मृतकों में होटल की मालकिन हेलेना भराली और उनके बेटे देवर्षि कश्यप के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल की हालत गंभीर, अस्पताल में उपचार जारी
गोलीबारी में 42 वर्षीय सत्येन पाठक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके कंधे में गोली लगी है। उन्हें तत्काल गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया गया है कि घायल व्यक्ति भी होटल मालिक के गांव का रहने वाला है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्तौल जब्त
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी के रूप में घनकांत गोगोई की पहचान की है। पुलिस के मुताबिक, पलटन बाजार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने अपनी लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने हथियार भी जब्त कर लिया है।
प्रॉपर्टी विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
इस सामूहिक गोलीबारी के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किस विवाद ने इस खूनी वारदात का रूप लिया।
एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब घटनाक्रम, आपसी विवाद और गोलीबारी के पीछे की परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी है।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment