• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
करंट से मौत पर गरमाई दुर्ग की सियासत !  धीरज बाकलीवाल ने निगम को घेरा, पूछा– आखिर विनोद निषाद की मौत का जिम्मेदार कौन..?
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 31 अक्टूबर 2026,  10:55 AM IST
  • 496
करंट से मौत पर गरमाई दुर्ग की सियासत !  धीरज बाकलीवाल ने निगम को घेरा, पूछा– आखिर विनोद निषाद की मौत का जिम्मेदार कौन..?

कांग्रेस ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, परिवार को मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग; दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए दी आंदोलन की चेतावनी

दुर्ग। सिकोला भाठा के वार्ड क्रमांक 15 में बिजली के खंभे में करंट उतरने से विनोद निषाद की दर्दनाक मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। 28 अक्टूबर को हुई इस घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर ने नगर निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और खंभों के रखरखाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं।Image after paragraph

जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों और क्षेत्रवासियों ने शनिवार को नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग भी उठाई गई।

'सड़क-नाली ही नहीं, नागरिकों की जान बचाना भी निगम की जिम्मेदारी'

कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब शहर में बिजली के खंभे ही नागरिकों की जान के लिए खतरा बन जाएं तो सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? 

क्या विद्युत खंभों का नियमित निरीक्षण नहीं होना चाहिए? समय रहते खराब व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता तो शायद एक परिवार का सहारा आज जिंदा होता।

कांग्रेस ने मांग की कि दुर्ग शहर के सभी वार्डों में विद्युत खंभों, खुले तारों और अन्य विद्युत उपकरणों का तत्काल सुरक्षा सर्वे कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

धीरज बाकलीवाल का सवाल– आम नागरिक की जान की कीमत क्या है..?

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि विनोद निषाद की असमय मृत्यु बेहद दुखद है। एक परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया है। परिवार के सामने अब भविष्य और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने इस घटना को नगर निगम की गंभीर लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का परिणाम बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

बाकलीवाल ने कहा कि केवल जांच का आश्वासन देकर प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। पीड़ित परिवार को तत्काल सम्मानजनक मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, उनकी आवाज उठाती रहेगी।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, रायसिंग दिकोला, दीपक साहू, अजय मिश्रा, विजयंत पटेल, भास्कर कुंडले, मनीष बघेल, पायल पाटिल, देवश्री साहू, मनोज सिन्हा, मनीषा सोनी, देव सिन्हा, पप्पू श्रीवास्तव, अशोक मेहरा, लता साहू, गौरव उमरे, चंद्रमोहन गभने, मनीष सोनवानी, भूपेश सेन, ईश्वर साहू, हिमांशु सिन्हा, अमित सेन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter