• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
मुश्किल वक्त में शरद कपूर का सहारा बने सोनू सूद, घर जाकर की मुलाकात; सामने आया
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 16 नवम्बर 2026,  09:08 PM IST
  • 37
मुश्किल वक्त में शरद कपूर का सहारा बने सोनू सूद, घर जाकर की मुलाकात; सामने आया

 बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की भावुक अपील की थी। अब अभिनेता सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू ने शरद से मुलाकात कर उनकी तबीयत का हाल जाना। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

शरद कपूर से मिले सोनू सूद
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में सोनू सूद शरद कपूर के साथ बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने शरद की सेहत और पैर के इलाज के बारे में जानकारी ली। बातचीत के बाद दोनों अभिनेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद सोनू उन्हें उनके घर तक छोड़ने भी गए। वीडियो में शरद चलने के लिए सहारे वाले ढांचे का इस्तेमाल करते दिखाई दिए।

 

फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू सूद ने शरद के लिए जरूरी मेडिकल सामान की व्यवस्था भी की है। बताया जा रहा है कि वह लगातार अभिनेता की सेहत का हाल जान रहे हैं और उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

2 साल से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं शरद
शरद कपूर की परेशानी उस समय सामने आई, जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों जोश, रिबेल, स्टार और पैंथर को पशु कल्याण केंद्र भेजते नजर आए। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण वह उनकी देखभाल नहीं कर पा रहे थे।

इसके बाद उनकी दोस्त और बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संचालक हेमा चौधरी ने अभिनेता की सेहत को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरद पिछले करीब दो साल से शारीरिक और मानसिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। उन्हें दिमाग से जुड़ी समस्या के साथ पैर टूटने की परेशानी भी हुई है।

शरद ने बॉलीवुड से मांगी मदद
मुश्किल दौर से गुजर रहे शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बॉलीवुड के अपने साथियों से काम देने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि दोबारा अभिनय करने का मौका चाहिए।

अभिनेता ने बताया था कि वह अवसाद से भी जूझ रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ कलाकारों और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (सिंटा) से मदद की गुहार लगाई थी। शरद ने कहा था कि उन्हें आर्थिक, मानसिक और नैतिक सहयोग की जरूरत है। वह फिर से काम शुरू करना चाहते हैं और इसके लिए अवसर तलाश रहे हैं।

‘जोश’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों में कर चुके हैं काम
शरद कपूर ने साल 1994 में फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्हें महेश भट्ट के धारावाहिक ‘स्वाभिमान’ से पहचान मिली। इसके बाद वह शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ में नजर आए।

उन्होंने ‘तमन्ना’, ‘त्रिशक्ति’, ‘आगाज’, ‘खौफ’, ‘हथियार’, ‘जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’, ‘एलओसी कारगिल’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है। उनकी आखिरी रिलीज हुई फिल्म ‘कैबरे’ साल 2019 में आई थी।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter