सोने की खरीदारी के समय ग्राहक हॉलमार्क के निशान को शुद्धता की गारंटी मानते हैं।
लेकिन CAG की एक ऑडिट रिपोर्ट ने इस भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
BIS बाजार में बिक रहे हॉलमार्क सोने की गुणवत्ता पर ठीक से नजर नहीं रख पा रही है।
CAG Report On Gold Hallmark: देश में सोने की खरीद करते समय ग्राहक आमतौर पर हॉलमार्क के निशान को शुद्धता की पक्की मोहर मानकर निश्चिंत हो जाते हैं। लेकिन भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी कैग (CAG) की एक ड्राफ्ट ऑडिट रिपोर्ट ने इस भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट में सामने आया है कि सोने की शुद्धता की निगरानी और प्रमाणीकरण का जिम्मा संभालने वाली सरकारी संस्था भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) बाजार में बिक रहे हॉलमार्क सोने की गुणवत्ता पर प्रभावी ढंग से नजर नहीं रख पा रही है। इस ढिलाई और निगरानी की कमी के चलते आम ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी होने का खतरा काफी बढ़ गया है।
नियमों के तहत बीआईएस की यह जिम्मेदारी है कि वह साल में कम से कम एक बार पंजीकृत ज्वेलर्स की दुकानों पर जाकर यह जांच करे कि वहां वाकई मानक के अनुरूप शुद्ध सोना बेचा जा रहा है या नहीं। हालांकि, कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि पिछले पांच वर्षों (2020-21 से) के दौरान बीआईएस 80 प्रतिशत से अधिक रजिस्टर्ड ज्वेलर्स के यहां जांच करने ही नहीं पहुंचा।
इस रिपोर्ट पर उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अंतिम प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है।
देश के 392 जिलों में बिना हॉलमार्क वाला सोना बेचना कानूनन अपराध है। इस अनिवार्यता के चलते देशभर में लगभग 2.3 लाख ज्वेलरी शॉप ने बीआईएस के साथ अपना पंजीकरण कराया है। कैग की रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल लाइसेंसधारक ज्वेलर्स की संख्या 28,865 थी। इनमें से केवल 5,444 दुकानों की ही जांच की जा सकी।
इसका सीधा मतलब यह है कि करीब 81 प्रतिशत ज्वेलर्स की सालाना जांच नहीं हुई और उन्हें किसी भी स्तर पर परखा नहीं गया। विशेषज्ञों का मानना है कि जब नियमित निरीक्षण ही नहीं होगा, तो नियमों के उल्लंघन और मिलावट की आशंका को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।
केवल ज्वेलर्स की दुकानों तक ही समस्या सीमित नहीं है, बल्कि हॉलमार्किंग प्रक्रिया के अहम हिस्से यानी असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर्स (AHC) की निगरानी में भी बीआईएस पीछे रह गया है। इन्हीं केंद्रों पर गहनों की शुद्धता परखी जाती है और उन्हें 6 अंकों का विशिष्ट पहचान नंबर यानी एचयूआईडी (HUID) जारी किया जाता है।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment