• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
गोपाष्टमी पर राज्यपाल रमेन डेका ने की गौमाता की पूजा-अर्चना
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 17 नवम्बर 2026,  08:05 PM IST
  • 232
गोपाष्टमी पर राज्यपाल रमेन डेका ने की गौमाता की पूजा-अर्चना

प्रवासी पक्षियों के लिए बर्ड टॉवर का किया लोकार्पण
-गौसेवा केवल पूजा तक सीमित न रहे, बीमार, घायल और बेसहारा गौवंश की देखभाल भी समाज की जिम्मेदारी है- राज्यपाल श्री डेका
-परसदा गांव स्थित विश्वगीता धेनू गोविंद पक्षी सेवाधाम पहुंचे राज्यपाल

दुर्ग।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका आज दुर्ग जिले के परसदा गांव स्थित विश्वगीता धेनू गोविंद पक्षी सेवाधाम में गोपाष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर चारा खिलाया तथा प्रवासी पक्षियों के लिए बनाए गए बर्ड टॉवर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, धरसीवा विधायक अनुज शर्मा, बसना विधायक सम्पत अग्रवाल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल उपस्थित थे। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल श्री डेका ने सभी लोगों को गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के दर्शन का सौभाग्य मिला। साथ ही बर्ड टावर के लोकार्पण का अवसर भी प्राप्त हुआ। यह आयोजन हमें जीवों के प्रति दया, सेवा और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है। गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौमाता के प्रति हमारी श्रद्धा का पर्व है। भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। लेकिन गौसेवा केवल पूजा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गौवंश की देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। आज सड़कों पर बढ़ते यातायात के कारण गौवंश के घायल होने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में जरूरी है कि दुर्घटना में घायल गौमाता और नंदी को समय पर उपचार मिले। इस दिशा में गौ अस्पताल और रेस्क्यू केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इस धाम में अब तक 285 से अधिक गौमाताओं और नंदी बाबाओं का रेस्क्यू किया गया है और वर्तमान में 227 की देखभाल की जा रही है। उपचार के बाद स्वस्थ हुए गौवंश के पुनर्वास की व्यवस्था भी की जा रही है।

Image after paragraph


राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि यह आवश्यक है कि असहाय और वृद्ध गौवंश को उचित आश्रय और देखभाल मिले। उनके जीवन के साथ-साथ मृत्यु के बाद भी सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था होनी चाहिए। गौसेवा किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का दायित्व है। शासन, प्रशासन, पशु चिकित्सक, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर प्रयास करें, तो घायल गौवंश को समय पर सहायता मिल सकती है। विशेष रूप से रेस्क्यू के लिए आधुनिक सुविधाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था को बढ़ावा देना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने बर्ड टावर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि पक्षियों के लिए सुरक्षित स्थान, दाना और पानी की व्यवस्था करना प्रकृति संरक्षण की दिशा में अच्छा प्रयास है। पक्षी हमारे पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हमें अपने घरों और आसपास के स्थानों पर भी उनके लिए पानी और दाने की व्यवस्था करनी चाहिए। हमारी भारतीय संस्कृति सभी जीवों के प्रति दया और करुणा का भाव सिखाती है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन भी हमें प्रकृति, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जगत के साथ प्रेम और सद्भाव से रहने की प्रेरणा देता है। जिस प्रकार किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना हमारा कर्तव्य है, उसी प्रकार घायल गौमाता या नंदी की सहायता के लिए भी हमें आगे आना चाहिए। कहीं कोई पशु घायल दिखाई दे, तो तत्काल संबंधित विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें। हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी घायल पशु सड़क पर असहाय न रहे।
 राज्यपाल श्री डेका ने लोगों से आग्रह किया कि गौवंश की देखभाल के साथ-साथ पशु-पक्षियों और पर्यावरण के संरक्षण को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। समाज की भागीदारी से ही ऐसे प्रयासों को व्यापक रूप दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से समाज में जीवदया और सेवा की भावना मजबूत होगी। हम सब मिलकर ऐसा वातावरण बनाएं, जहां मनुष्य के साथ पशु-पक्षियों को भी सुरक्षित जीवन मिल सके। 
कार्यक्रम को सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने गौमाता की सेवा करने और आर्गेनिक अनाज, फल, सब्जी को आहार में शामिल करने की अपील की। श्री गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने गौधाम और गौसेवा की अपनी सोच पर प्रकाश डाला। सुधीर सुल्तानिया ने स्वागत उद्बोधन में विश्व गीता गौ आरोग्य धाम के कार्यों को उद्घृत किया। डॉ. उज्जवल पाटनी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। समापन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका कुम्हारी की अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा एवं अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 

Image after paragraph


Add Comment


Add Comment






Get Newspresso, our morning newsletter