• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम- राज्यपाल रमेन डेका
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 18 नवम्बर 2026,  02:35 PM IST
  • 79
विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम- राज्यपाल रमेन डेका

‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं से किया संवाद

*रायपुर के लोक भवन में आयोजित सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा ले रहे हैं हिस्सा*Image after paragraph

रायपुर, / राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा है कि भारत युवाओं का देश है, जहाँ देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है। यही युवा शक्ति देश को वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, कड़ी मेहनत और नवाचार से ही देश की प्रगति की दिशा तय होगी। राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें ताकि समाज और राष्ट्र का भला हो।

         राज्यपाल श्री डेका आज रायपुर के लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। 17 से 23 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभागी शामिल हुए हैं।

*राष्ट्रीय एकता और संस्कृति का आदान-प्रदान*

         राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि ऐसे युवा शिविर अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का बेहतरीन अवसर देते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमताओं का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।

*सफलता का मूल मंत्र- धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी*

        युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य तय करना काफी नहीं है, बल्कि उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने कहा कि टालमटोल से बचें युवाओं को आज का काम कल पर टालने की आदत से बचना चाहिए। श्री डेका ने कहा कि समय की पाबंदी ही सफलता की असली नींव है।

*गाँवों की ओर रुख और कृषि में नवाचार*

          राज्यपाल ने युवाओं को गांवों की ओर जाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गांवों में विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों की जरूरतें समझकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कृषि को पारंपरिक पेशे से आगे बढ़ाकर उद्यमिता और स्टार्टअप का माध्यम बनाने पर जोर दिया। युवाओं से जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की गई।

*बस्तर में आए सकारात्मक बदलावों का जिक्र*

         बस्तर का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि जहाँ सुरक्षा होती है, वहीं शांति और विकास का माहौल बनता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी संचार साधनों का अभाव था, वहाँ अब मोबाइल टावर, रेडियो, और टेलीविजन की पहुँच बढ़ रही है तथा बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं।

*सम्मान और संवाद*

        कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सफल जीवन के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोकभवन के अधिकारी और विभिन्न राज्यों के अधिकारी एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter